हरियाणा में इस बार मार्च की शुरुआत ही गर्मी के तीखे तेवरों के साथ होने जा रही है। मौसम विभाग के ताजा अनुमान के मुताबिक, मार्च के पहले सप्ताह में प्रदेश का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। यानी सर्दी की विदाई तेज़ी से हो रही है और गर्मी दस्तक दे चुकी है।
गुरुग्राम में सबसे ठंडी रात, दिन में चढ़ रहा पारा
सोमवार रात प्रदेश में तापमान मिला-जुला रहा। गुरुग्राम में न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पूरे प्रदेश में सबसे कम रहा। हालांकि दिन के समय यहां पारा 31.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से अधिक है। अंबाला और जींद में रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि हिसार और सिरसा में हल्की गिरावट देखने को मिली।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 25 फरवरी तक तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। लेकिन फरवरी के अंतिम दिनों में दिन और रात दोनों के तापमान में तेजी से वृद्धि होने की संभावना है। मार्च की शुरुआत में दिन का तापमान 30 से 35 डिग्री और रात का तापमान 10 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
उत्तर भारत की हवाओं का असर
फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है। मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा, जिससे दोपहर की धूप ज्यादा तेज और चुभने वाली महसूस होगी। उत्तरी हवाओं के कारण रात में हल्की ठंडक बनी हुई है, लेकिन दिन का सूरज अब प्रभावी हो गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में सर्दी का असर लगभग खत्म हो जाएगा और गर्मी का प्रभाव तेजी से बढ़ेगा।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।