Logo
गोहाना में विकास एवं धन्यवाद रैली के दौरान विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि विपक्षी दल पेट्रोल, डीजल और गैस जैसे वैश्विक संकटों में भी राजनीति तलाश रहे हैं।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विपक्षी दलों की राजनीति पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि दुनिया के गंभीर संकटों पर भी राजनीति करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। सोनीपत के गोहाना में आयोजित 'विकास एवं धन्यवाद रैली' को संबोधित कर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि विपक्ष पेट्रोल, डीजल और गैस जैसी वैश्विक चुनौतियों के दौर में भी जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन की सराहना कर गोहाना क्षेत्र के विकास के लिए दर्जनों महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

युद्ध का प्रभाव पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था पर 
मुख्यमंत्री ने खाड़ी देशों में जारी युद्ध का उल्लेख कर बताया कि इसका प्रभाव पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था और ईंधन आपूर्ति पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने एक्साइज ड्यूटी कम करके जनता को राहत देने का जो कदम उठाया है, वह उनकी दूरदर्शी सोच का परिणाम है। मुख्यमंत्री ने कड़े लहजे में कहा कि प्रदेश में ईंधन और गैस का पर्याप्त भंडार मौजूद है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि यदि कोई भी पेट्रोल पंप या गैस एजेंसी कालाबाजारी में संलिप्त पाई जाती है, तो उसके खिलाफ तुरंत कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए।

खानपुर को तहसील और बरोदा-फरमाना को उप-तहसील का दर्जा 
जनता की पुरानी मांग को स्वीकार करते हुए मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के प्रशासनिक ढांचे में बड़े बदलाव की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि जनगणना और एसआईआर की प्रक्रिया पूर्ण होते ही खानपुर को उप-तहसील से प्रमोट कर पूर्ण तहसील बना दिया जाएगा। इसी कड़ी में बरोदा और फरमाना को नई उप-तहसील बनाने का निर्णय लिया गया है। साथ ही, उन्होंने गांव गढ़ी उजाले खां और गढ़ी नामदा खां का नाम बदलकर क्रमशः कृष्ण नगर और सुदामा नगर करने के प्रस्ताव पर भी अपनी सहमति जताई है।

किसानों के लिए 'हरियाणा एग्री डिस्कॉम' की स्थापना 
कृषि प्रधान क्षेत्र की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने एक बड़ी घोषणा की। उन्होंने बताया कि किसानों को ट्यूबवेल के लिए सुचारू बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सरकार 'हरियाणा एग्री डिस्कॉम' के नाम से एक तीसरी बिजली कंपनी गठित करने जा रही है। कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा द्वारा प्रस्तुत की गई विकास कार्यों की सूची का जिक्र करते हुए सीएम ने भरोसा दिलाया कि हर एक मांग को पूरी गंभीरता से पूरा किया जाएगा। उन्होंने इसे आकांक्षाओं और विश्वास की जीत करार दिया। 

शहरी बुनियादी ढांचे और खेल सुविधाओं का कायाकल्प 
गोहाना के शहरी विकास को लेकर मुख्यमंत्री ने कई बड़ी परियोजनाओं का ऐलान किया है। उन्होंने बताया कि गोहाना में एक भव्य खेल स्टेडियम का निर्माण होगा और बड़ोता बाईपास के समीप पर्यटन विभाग द्वारा एक शानदार रिजॉर्ट विकसित किया जाएगा। शहर के सौंदर्यीकरण के लिए सोनीपत और पानीपत चुंगी के बीच स्थित ड्रेन-8 को कवर करके वहां भगवान परशुराम के नाम पर एक विरासत पार्क और जॉगिंग ट्रैक तैयार किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, शहर में बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए मल्टीस्टोरी पार्किंग और ट्रांसपोर्ट नगर के निर्माण को भी हरी झंडी दी गई है। 

शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में नए आयाम
मुख्यमंत्री ने शिक्षा और चिकित्सा क्षेत्र में निवेश को प्राथमिकता देते हुए बीपीएस महिला मेडिकल कॉलेज में फिजियोथैरेपी कॉलेज की स्थापना का मार्ग प्रशस्त किया। स्थानीय स्कूलों के उन्नयन की मांग पर उन्होंने शिक्षा विभाग की एक विशेष समिति गठित करने की बात कही, जो गढ़ी सराय नामदा खां के स्कूल को 12वीं तक अपग्रेड करने पर फैसला लेगी। साथ ही, गोहाना और खानपुर में 33 केवी के नए बिजली स्टेशन स्थापित किए जाएंगे ताकि क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके। 

मंच पर भाजपा के दिग्गज नेताओं की मौजूदगी रही 
इस विशाल रैली के दौरान मुख्यमंत्री के साथ भाजपा के कई प्रमुख चेहरे नजर आए। प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली, पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, पूर्व राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा और सोनीपत के विधायक निखिल मदान सहित कई वरिष्ठ नेता मंच पर उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने गोहाना की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पारदर्शिता और सेवा के प्रति समर्पित नेतृत्व को चुनकर जनता ने प्रदेश में विकास की गति को और तेज कर दिया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हरियाणा इसी तरह 'नॉन-स्टॉप' प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहेगा। 

7