हरियाणा के हिसार जिले के नारनौंद क्षेत्र में मनचलों की प्रताड़ना से तंग आकर एक 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा ने मौत को गले लगाने की कोशिश की। छात्रा ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में हांसी के एक निजी अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार नामजद आरोपियों में से दो को गिरफ्तार कर लिया है।
रास्ते में रोककर करते थे दोस्ती का दबाव
परिजनों के मुताबिक, गांव के ही कुछ युवक छात्रा को स्कूल आते-जाते समय अक्सर परेशान करते थे। आरोपी उस पर जबरन दोस्ती करने का दबाव बनाते थे और इनकार करने पर जान से मारने की धमकी देते थे। छात्रा ने इस प्रताड़ना के बारे में अपनी मां को भी बताया था, जिसके बाद परिवार ने आरोपियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन मनचलों की हरकतें कम नहीं हुईं।
भाई के साथ भी की मारपीट
आरोपियों के हौसले इतने बुलंद थे कि जब 22 मार्च को छात्रा के भाई ने उन्हें समझाने की कोशिश की, तो उन्होंने उसके साथ हाथापाई की। उसी शाम गांव के खेल स्टेडियम में भी आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर भाई के साथ मारपीट की। इस घटना से छात्रा इतनी सहम गई कि अगले ही दिन 23 मार्च को उसने घर में चुन्नी से फंदा लगा लिया। गनीमत रही कि मां ने समय रहते देख लिया और उसे अस्पताल पहुँचाया।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) और आत्महत्या के लिए उकसाने जैसी गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।गिरफ्तार आरोपी में साहिल और रॉबिन (इन्हें शनिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा)। इस मामले में फरार आरोपी हरदीप और मद्दू (पुलिस इनकी तलाश में छापेमारी कर रही है)। जिला पीआरओ संदीप कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और बाकी आरोपियों को भी जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।










