Delhi Murder Case: दिल्ली के बाहरी उत्तरी इलाके में मौजूद एक नशा मुक्ति केंद्र में केमिकल इंजिनियर ने अपने साथी मरीज की चाकू मारकर हत्या कर दी। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे जांच जारी है।

Delhi Murder Case: दिल्ली के बाहरी उत्तरी इलाके में एक नशा मुक्ति केंद्र से चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां इलाज करवा रहे एक केमिकल इंजीनियर ने कथित तौर पर दूसरे मरीज की चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक यह मामला शुक्रवार को कश्मीरी कॉलोनी के हिरनकी इलाके में स्थित किरणदीप फाउंडेशन नाम के नशा मुक्ति केंद्र में हुआ। अलीपुर पुलिस स्टेशन को चाकूबाजी की सूचना मिली तो पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और देखा कि घायल को पहले ही बुराड़ी के अस्पताल ले जाया गया है, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। 

मृतक की पहचान 22 वर्षीय अरुण कुमार के रूप में हुई है। वह बुराड़ी के सत्य विहार का रहने वाला था। अरुण कुमार गरीब परिवार से था। उसके पिता रिक्शा चलाते हैं। परिवार ने बताया कि किशोरावस्था में ही वह नशे का आदी हो गया था जिस वजह से इलाज के लिए उसे यहां भर्ती कराया गया था।

आरोपी की पहचान 27 वर्षीय अरुण जोशी के रूप में हुई है। वह त्रि नगर यानी केशव पुरम का रहने वाला है। अरुण जोशी ने 2019 में रोहिणी के गुरु नानक देव इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से केमिकल इंजीनियरिंग की डिग्री पूरी की थी। उसके पिता किराए पर मेडिकल शॉप चलाते हैं। पूछताछ में पता चला कि कॉलेज के दिनों से उसे नशीले पदार्थ खासकर कैनाबिस की लत लग गई थी। करीब नौ महीने पहले उसे रिहैबिलिटेशन के लिए इसी किरणदीप फाउंडेशन में भर्ती कराया गया था। 

गाली देने की वजह से की हत्या

पुलिस के अनुसार दोनों के बीच कुछ दिन पहले झगड़ा हो गया था। मृतक अरुण कुमार ने आरोपी को गाली दी थी। आरोपी ने इसका बदला लेने के लिए चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद भी आरोपी मौके पर ही मौजूद रहा,जिसे पुलिस ने तुरंत गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से खून लगा चाकू बरामद किया गया। पूछताछ में अरुण जोशी ने खुद कबूल किया कि झगड़े के बाद उसने बदला लेने के लिए यह काम किया। पुलिस ने केंद्र के सीसीटीवी फुटेज भी जब्त कर लिए हैं, जिनमें आरोपी की मौजूदगी और उसकी भूमिका साफ दिख रही है। मौके से खून के सैंपल और अन्य सबूत भी जुटाए गए हैं।