दिल्ली शराब घोटाला मामले में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोसिया समेत 23 आरोपियों को बरी कर दिया गया है। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने कहा है कि आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त सबूत नहीं हैं, इसलिए सभी को बरी किया जाता है। कोर्ट के इस फैसले से आम आदमी पार्टी उत्साहित है और बीजेपी पर तीखा हमला बोल रही है। लेकिन, इस उत्साह के बीच आम आदमी पार्टी दिल्ली के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने ऐसा बयान दिया है, जिस पर विवाद होना लाजमी है।
मीडिया से बातचीत में आप नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि यह जीत अरविंद केजरीवाल या मनीष सिसोदिया की नहीं, बल्कि उन लोगों की है जो ईमानदार और निष्ठावान रहना चाहते हैं। आज देश में ऐसा माहौल बन गया है, जहां ईमानदार अधिकारियों को परेशान किया जा रहा है। इस फैसले से 5-10 फीसदी आईएएस अधिकारी और न्यायपालिका ईमानदार बने रहेंगे। उन्होंने कहा कि सीबीआई सबसे पहले मोदी जी के पास जाएगी। उन्होंने कहा कि जो जांच अधिकारी ईमानदार लोगों को झूठे मामलों में जेल भेजते हैं, उन्हें इंडिया गेट पर सरेआम फांसी दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर हम सरकार बनाते हैं, तो हम इस संबंध में कानून लाएंगे।
केजरीवाल के बरी होने पर सुनीता केजरीवाल का रिएक्शन
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल का भी रिएक्शन सामने आ चुका है। उन्होंने कहा कि मैं आज भगवान का शुक्रिया अदा करना चाहती हूं। अरविंद जी ने अपनी जिंदगी ईमानदारी से बिताई है। लेकिन इन लोगों (भाजपा) ने अरविंद जी और उनके साथियों को जेल भेज दिया। मुझे भरोसा था कि सच की जीत होगी। मैं उन सभी का शुक्रिया अदा करना चाहती हूं जो हमारे साथ खड़े रहे।
अगर आप आम आदमी पार्टी से जुड़ी खबरों को पढ़ना चाहते हैं तो आप आप अरविंद केजरीवाल के पेज पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं।