पटियाला हाउस कोर्ट स्थित एनआईए विशेष न्यायालय ने दिल्ली ब्लास्ट मामले की जांच अवधि को 45 दिन के लिए बढ़ा दिया है। जानिये एनआईए ने कौन सी दलीलें दीं, जिसके चलते जांच अवधि बढ़ाने की मांग स्वीकार हो गई।

दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास कार धमाका मामले से जुड़ी बड़ी अपडेट सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि पटियाला हाउस कोर्ट ने दिल्ली बम धमाके मामले में एनआईए की जांच की अवधि को बढ़ा दिया है। विशेष एनआईए कोर्ट ने पूरी जांच के लिए 45 दिन का अतिरिक्त समय दिया है। एनआईए ने जांच पूरी करने के लिए 45 दिन के विस्तार की मांग की थी।

एनआईए ने पटियाला हाउस कोर्ट स्थित एनआईए विशेष न्यायालय के समक्ष याचिका लगाकर बताया कि जांच एक महत्वपूर्ण मोड़ पर है, जिसमें कई नए सुराग सामने आए हैं। इसके लिए फील्ड वर्क, गवाहों की गवाही और तकनीकी सबूतों और विश्लेषण के माध्यम से सत्यापन की आवश्यकता है। एनआईए विशेष अदालत ने आज इस याचिका पर सुनवाई करते हुए दिल्ली विस्फोट मामले की जांच अवधि 45 दिन बढ़ाने की मांग को स्वीकार कर लिया है। 

दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास 10 नवंबर 2025 को एक कार में शक्तिशाली धमाका हुआ था, जिसमें करीब 12 लोगों की मौत हो गई थी। एनआईए लगातार इस मामले की जांच कर रही है। बीते सोमवार को जम्मू कश्मीर में कई स्थानों पर छापामारी की गई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एनआईए ने श्रीनगर, बारामूला, जम्मू, कुलगाम, गांदरबल और हंदवाड़ा समेत 9 जगहों पर छापा माकर कई डिजिटल डिवाइस, मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जब्त किए थे। एजेंसी ने इन्हें फॉरेसिंक जांच के लिए भेजा है। 

अधिकारियों के मुताबिक, इस मामले में अभी तक 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। नए तथ्य सामने आने के बाद जांच पूरी करने की अवधि बढ़ाने की अपील की गई थी। एनआईए की विशेष अदालत ने इस अपील को स्वीकार कर लिया है।