Ghaziabad News: गाजियाबाद के मोदीनगर थाना क्षेत्र में ससुराल वालों और महिला के पति ने जान से मारने के उद्देश्य से छत से फेंक दिया था। महिला का आरोप है कि दहेज में 5 लाख रुपए और एक कार न मिलने की वजह से उसके साथ ऐसा किया गया है।

Ghaziabad News: गाजियाबाद के मोदीनगर थाना क्षेत्र से एक खौफनाक वारदात की खबर सामने आ रही है। यहां एक विवाहित महिला को परिवार के लोगों के द्वारा इस बात के लिए पीटा गया क्योंकि वह अपने साथ ससुराल वालों की मांग के अनुसार दहेज नहीं लेकर आई थी। बताया जा रहा है कि ससुराल वाले महिला के जान के दुश्मन इसलिए बन गए हैं कि क्योंकि उन्हें दहेज में एक कार और 5 लाख रुपए चाहिए थे। बताया जा रहा है कि ससुराल के लोगों ने पहले विवाहित महिला के साथ मारपीट की और फिर उसके बाद जान से मारने के उद्देश्य से उसे छत से नीचे फेंक दिया। फिलहाल पीड़ित की हालत गंभीर बनी हुई है और पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।

पीड़ित महिला का नाम रेणु है, जो हापुण जिले के पिलखुआ की रहने वाली है। बताया जा रहा है कि अब से तीन साल पहले उसकी शादी गाजियाबाद जिले के गदाना गांव के रहने वाले युवक के साथ हुई थी। पीड़ित महिला के पिता ने शादी में अपने सामर्थ्य अनुसार खूब खर्च किया। लेकिन ससुराल वालों को उनके मन मुताबिक दहेज नहीं मिल पाया। पीड़िता का आरोप है कि शादी होने के बाद से ही उसका पति और परिवार के अन्य लोग गाड़ी और 5 लाख कैश को लेकर उसके साथ मारपीट और दुर्व्यवहार करते आ रहे हैं। पीड़िता के मुताबिक 21 फरवरी को उसके पति और ससुर ने मिलकर उसके साथ मारपीट की और जान से मारने के इरादे से उसे छत से नीचा फेंक दिया।

छत से नीचे गिरने के बाद पीड़ित महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। बताया जा रहा है कि आसपास के लोगों ने घायल पीड़िता को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित महिला ने इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और प्रशासन से कड़ी कार्रवाई और न्याय की मांग की। पुलिस ने इस मामले में पति राजू, ससुर ब्रह्मप्रकाश, सास रेखा समेत छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं पुलिस का कहना कि आरोपियों के खिलाफ जल्द ही सख्त कार्रवाई की जाएगी।