पूर्वी दिल्ली के करावल नगर में 20 मार्च को हुए झगड़े में घायल शख्स ने आज उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इसके बाद मृतक के परिजन संबंधित थाने पहुंच गए और घेराव करके जमकर नारेबाजी की। गुस्साए परिजनों ने जांच अधिकारी पर केस वापस लेने के लिए धमकी देने का भी आरोप लगाया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं रहे। लोगों का गुस्सा बढ़ता देख दयालपुर थाने की पुलिस फोर्स भी बुला ली गई।
साथ ही, आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और पीड़ित परिवार की बात सुनकर भरोसा दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और जो भी दोषी पाया गया, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के काफी मान-मनौव्वल के बाद लोग शांत हुए।
केस वापस लेने का दबाव बनाने का लगाया आरोप
करावल नगर में 20 मार्च को दो परिवारों के बीच झगड़ा हुआ था। इस दौरान ईंट लगने पर 38 वर्षीय राजकुमार बुरी तरह से घायल हो गया था, जबकि उसकी पत्नी के हाथ में भी चोट लगी थी। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिजनों का आरोप है कि मामले की शिकायत पुलिस के पास दर्ज कराई, लेकिन अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया। परिजनों ने आरोप गया कि जांच अधिकारी यह कहकर केस वापस लेने का दबाव बना रहा है कि दोनों पर केस दर्ज होगा और दोनों परिवारों को जेल जाना पड़ेगा।
परिजनों ने कहा कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक नहीं हटेंगे। काफी समय तक यह बवाल जारी रहा। लोगों ने पुलिस अधिकारियों के समक्ष ही नारेबाजी की।हालांकि बाद में पुलिस के आला अधिकारी लोगों को शांत कराने में सफल हुए। उन्होंने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि जल्द ही सभी आरोपी सलाखों के पीछे होंगे। इसके अलावा संबंधित जांच अधिकारी की भूमिका के भी जांच करने का आश्वासन दिया है।