आम आदमी पार्टी ने आज दिल्ली के जंतर-मंतर पर विशाल सभा का आह्वान किया है। इस विशाल रैली में विभिन्न राज्यों के आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय नेता शिरकत करेंगे। कथित दिल्ली शराब घोटाले में बरी होने के बाद अरविंद केजरीवाल करीब एक साल बाद दिल्ली की जनता को संबोधित करेंगे। आम आदमी पार्टी, दिल्ली के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज का कहना है कि वे क्या आदेश देंगे, इसका सभी को इंतजार है।
उधर, केजरीवाल की मुसीबतें बढ़ाने वाली खबर भी सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि सीबीआई ने केजरीवाल के बरी होने के आदेश को दिल्ली उच्च न्यायालय में चुनौती दे दी है। दिल्ली उच्च न्यायालय 9 मार्च को इस मामले की सुनवाई करेगा। पढ़िये अरविंद केजरीवाल की रैली से जुड़ी तमाम अपडेट्स...
आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रैली को संबोधित करते हुए भ्रष्टाचार के खिलाफ जंग को जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि देश में इस समय डर का माहौल है। इसके बावजूद जज साहब ने देश के हक में फैसला सुनाया, उसके लिए जज साहब का शुक्रिया अदा करता हूं। उन्होंने कहा कि जज साहब ने मोदी जी और भाजपा के झूठ पर तमाचा मारते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी बेईमान नहीं बल्कि कट्टर ईमानदार हैं। जज साहब का यह फैसला नरेंद्र मोदी, अमित शाह और बीजेपी के गाल पर जोरदार तमाचा है।
उन्होंने कहा कि मैं भारत मां से प्यार करता हूं। मैंने अपना पूरा जीवन देश की सेवा और विकास के लिए समर्पित कर दिया। जब मैं आयकर विभाग में कमिश्नर था तो वहां भी मेरी ईमानदारी के चर्चे होते थे, मेरी ईमानदारी की कसमें खाई जाती थीं। दिल्ली का मुख्यमंत्री बनने के बाद भी मैंने किसी से एक पैसा नहीं लिया। ईमानदारी से काम किया। लेकिन पता नहीं कि मोदी जी को मुझसे नफरत क्यों है।
आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने आगे कहा कि अगर मोदी जी भ्रष्टाचार खत्म करना चाहते हैं तो बताता हूं। गुजरात में 20 करोड़ का ड्रग्स पकड़ा गया, 30 हजार करोड़ की नकली शराब बिकती है। इनके खिलाफ एक्शन करके दिखाइये। उन्होंने कहा कि आप जिस सड़क का उद्घाटन करने जाते हैं, वही टूट जाती है। एक्शन नहीं लोगे क्योंकि आपकी पार्टी या नेता शामिल होते हैं। उन्होंने कहा कि सोनम वांगचुक, मेहराज मलिक, अरविंद केजरीवाल से डर लगता है। मुझे इसलिए गिरफ्तार किया गया ताकि संदेश दिया जाए कि ईमानदारी से काम करने वाले का केजरीवाल जैसा हाल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बीजेपी का झूठ सामने आ रहा है। उन्होंने लोगों से बीजेपी को सत्ता से बाहर करने का आह्वान किया।
बीजेपी को हटाना देशभक्ति : मनीष सिसोदिया
संजय सिंह के बाद दिल्ली के पूर्व सीएम मनीष सिसोदिया ने रैली को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल और उनकी सेना काजल की काल कोठरी से बिना किसी दाग लगे बाहर आई है। अरविंद केजरीवाल के हौसले को सलाम करने के लिए जंतर-मंतर पर AAP की सेना उमड़ पड़ी है। आज पूरा देश कह रहा है कि अरविंद केजरीवाल और AAP कट्टर ईमानदार हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी जंतर-मंतर से चलकर दिल्ली, पंजाब, गोवा, गुजरात, मध्य प्रदेश और जम्मू-कश्मीर समेत देशभर में ऐतिहासिक काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा को सत्ता में हटाना भी देशभक्ति का काम है। मेरे घर में देशभक्ति का माहौल था। मैंने पत्रकारिता में भी देशभक्ति की भावना से काम किया। जब हमारी सरकारी बनी तो हमने स्कूल, अस्पताल बनाए। युवाओं को नौकरी देकर देश की सेवा की और देशभक्ति दिखाई। उन्होंने कहा कि हमें झूठे आरोपों में जेल भेज दिया गया। सत्ता के लिए ऐसे करने वालों को सत्ता से हटाना देशभक्ति है। उन्होंने कहा कि पार्टी का हर एक सैनिक इस देशभक्ति का कार्य करेगा।
संजय सिंह बोले- आप के कार्यों से डरी बीजेपी
आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी ने लोगों को फ्री बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाएं दीं। दिल्ली में शानदार सरकारी स्कूल, अस्पताल और मोहल्ला क्लीनिक बनवाए। भाजपा और नरेंद्र मोदी को आप की काम की राजनीति से डर लगने लगा। उन्हें अहसास होने लगा कि इससे उनकी नफरत की राजनीति खत्म हो जाएगी, इसलिए उन्होंने हमारे ऊपर तमाम आरोप लगाने शुरू कर दिए।
सौरभ भारद्वाज बोले- रेखा गुप्ता का सिंहासन हिलाएंगे
आप दिल्ली के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि रेखा गुप्ता की सरकार ने दिल्ली की सेवा कर रहे हजारों कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया। दिल्ली के लोग रेखा गुप्ता का सिंहासन हिलाएंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस और अधिकारियों ने तमाम प्रयास किया कि यह सभा न हो पाए। उन्होंने यहां से कुर्सियां उठा लीं, ये लोग ध्यान रखें कि जब दिल्ली की जनता सत्ता बदलेगी तो इनकी कुर्सी बचाने वाला कोई नहीं होगा।
दिल्ली पुलिस ने केजरीवाल की रैली को दी मंजूरी
दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर अरविंद केजरीवाल की रैली को मंजूरी दे दी है। इससे पहले संशय था कि होली के मद्देनजर सुरक्षा इंतजामों का हवाला देते हुए रैली को अनुमति देने से इनकार किया जा सकता है। लेकिन, मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो दिल्ली पुलिस ने सार्वजनिक सभा करने की इजाजत दे दी है। इसका मतलब यह है कि यह रैली तय समय और तय जगह पर होगी। बता दें कि सौरभ भारद्वाज ने दावा किया था कि रैली 11 बजे से शुरू हो जाएगी।
राउज एवेन्यू कोर्ट के आदेश को दी चुनौती
बता दें कि राउज एवेन्यू कोर्ट ने 27 फरवरी को दिल्ली शराब घोटाले में आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया समेत 23 आरोपियों को बरी कर दिया था। वहीं, कोर्ट ने सीबीआई के जांच अधिकारी के खिलाफ जांच की भी सिफारिश की थी। सीबीआई ने अब निचली कोर्ट के आदेश को दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती दी है। न्यायमूर्ति स्वर्णकांत की पीठ इस मामले की सुनवाई 9 मार्च को करेगी।