तिल्दा नेवरा में लगातार तीन दिनों से हो रहे तेज धमाकों से कई इलाकों और तिल्दा बस्ती में घरों में कंपन महसूस किया गया। रहवासियों ने जांच और कार्रवाई की मांग की।

दिलीप वर्मा- तिल्दा नेवरा। छत्तीसगढ़ के तिल्दा नेवरा में पिछले तीन दिनों से हो रहे अज्ञात तेज धमाकों ने लोगों की नींद उड़ा दी है। शनिवार शाम करीब 5:15 बजे हुए जबरदस्त ब्लास्ट के बाद कृष्णा नगर, शिक्षक कॉलोनी और तिल्दा बस्ती समेत आसपास के इलाकों में घरों में कंपन महसूस किया गया। कई घरों की दीवारें तक हिल गईं, जिससे रहवासी सहम गए और दहशत का माहौल बन गया। लगातार हो रही इस घटना से नागरिकों में आक्रोश है और वे प्रशासन से तत्काल जांच और कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार को हुआ धमाका अब तक का सबसे तेज था। कृष्णा नगर और तिल्दा बस्ती के लोगों ने बताया कि, ब्लास्ट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि घरों में तेज कंपन के साथ खिड़कियां और दरवाजे तक हिलने लगे। धमाके के तुरंत बाद लोग घरों से बाहर निकल आए और स्रोत का पता लगाने की कोशिश में जुट गए।

मामले की तफ्तीश कर रही पुलिस
कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि, तिल्दा बस्ती के आगे नहर के पास तुलसी की ओर से यह धमाके हो रहे हैं। चर्चा है कि, उक्त क्षेत्र में पावर प्लांट से संबंधित कार्य प्रारंभ हुआ है और वहीं से ब्लास्टिंग की जा रही है। इस संबंध में नेवरा थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी ने बताया कि, धमाका काफी तेज था, लेकिन यह कहां से और किस कारण से हो रहा है, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी नहीं मिल पाई है। पुलिस द्वारा मामले की पतासाजी की जा रही है।

धमाकों से नागरिकों में भय व्याप्त
वहीं तिल्दा बस्ती के आगे नहर के पास कंपनी का काम प्रारंभ होने की बात कही जा रही है, जहां संभावित ब्लास्टिंग से आसपास के इलाकों में कंपन महसूस किया जा रहा है। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। लगातार हो रहे धमाकों से नागरिकों में भय व्याप्त है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते जांच कर उचित कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है। रहवासियों ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।