आशीष कुमार- बतौली/सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर मंगलवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जय मां महामाया बस सर्विस की 19 साल पुरानी एक कंडम बस का अचानक ब्रेक फेल हो गया, जिसके बाद बस लगभग 1 किलोमीटर तक बैक गियर में अनियंत्रित दौड़ती रही।
इस दौरान पीछे चल रही एक इनोवा कार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कार में सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, बस की रफ्तार इतनी तेज थी कि बस में सवार यात्री डर के मारे चलती बस से कूदकर अपनी जान बचाने पर मजबूर हो गए। गनीमत रही कि उस समय सड़क पर ज्यादा यातायात नहीं था, अन्यथा भीषण जनहानि हो सकती थी।
हादसे के बाद चालक फरार
यह घटना परिवहन विभाग की गंभीर लापरवाही को उजागर करती है। सड़कों पर धड़ल्ले से खस्ताहाल और कंडम बसों का संचालन यात्रियों की जान के साथ खुला खिलवाड़ है। हादसे के तुरंत बाद बस चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डोंगरगढ़ में तेज रफ्तार बाइक दीवार से टकराई
वहीं 24 फरवरी को डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम रांका में देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। हादसा इतना खतरनाक था कि तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सीधे दीवार से जा टकराई। टक्कर की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक की स्पीड काफी अधिक थी। अचानक संतुलन बिगड़ने पर वाहन सीधे दीवार से टकरा गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि अगर बाइक की रफ्तार नियंत्रित होती तो शायद दोनों की जान बच सकती थी।
हादसे ने एक बार फिर पुलिस की वाहनों पर नियंत्रण और ओवर स्पीड रोकने की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ओवर स्पीड कंट्रोल अभियान सिर्फ औपचारिकता बनकर रह गए हैं। रात के समय शहर और आसपास के क्षेत्रों में वाहनों की तेज रफ्तार पर कोई प्रभावी निगरानी नहीं दिखती।
अगर सख्त कार्रवाई होती, तो शायद यह हादसा टाला जा सकता था। डोंगरगढ़ में पिछले कुछ महीनों से सड़क हादसों और अपराधों में बढ़ोतरी हो रही है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पुलिस की ढीली कार्यप्रणाली इन घटनाओं के लिए जिम्मेदार है।