नौशाद अहमद- सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक फॉरेस्ट गार्ड को कथित तौर पर गर्लफ्रेंड के साथ नर्सरी परिसर में समय बिताते हुए ग्रामीण युवकों ने पकड़ लिया। आरोप है कि युवकों ने वर्दी पहने गार्ड की जमकर पिटाई की और पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। घटना के बाद इलाके में चर्चा और आक्रोश का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला जिले के एक वन विभाग नर्सरी का बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि, फॉरेस्ट गार्ड अपनी कथित गर्लफ्रेंड के साथ नर्सरी परिसर में मौजूद था, तभी कुछ ग्रामीण युवक वहां पहुंच गए। युवकों ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देखने का दावा करते हुए गार्ड को पकड़ लिया।
सूरजपुर जिले के एक नर्सरी में गर्लफ्रेंड के साथ मिले फॉरेस्ट गार्ड की ग्रामीण युवकों ने जमकर पिटाई कर दी। @SurajpurDist #Chhattisgarh @ForestCgGov @SURAJPUR_POLICE pic.twitter.com/1lu88CUpV2
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) February 27, 2026
फोन में गाने चलवाकर कराया गया डांस
वीडियो में देखा जा सकता है कि, गार्ड वर्दी में है और कुछ युवक उसे डंडे और बेल्ट से मारते नजर आ रहे हैं। इतना ही नहीं, मोबाइल फोन में गाने चलवाकर उससे डांस भी कराया गया। पूरी घटना के दौरान युवकों द्वारा मारपीट और अभद्र व्यवहार किया गया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फिलहाल, इस मामले में अब तक आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।









