रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए रायपुर पुलिस ने ड्रंक एंड ड्राइविंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। शहर में लगातार बढ़ते हादसों और लापरवाह ड्राइविंग पर लगाम कसने के लिए पुलिस ने विशेष अभियान चलाया, जिसमें एक ही रात में 159 नशे में वाहन चलाने वालों पर केस दर्ज किया गया।
पुलिस द्वारा शहर के 8 अलग-अलग स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान संदिग्ध वाहनों को रोककर ब्रेथ एनालाइजर से जांच की गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। सभी के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
नशे में वाहन चलाने की समस्या लगातार बढ़ रही
आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2026 के सिर्फ पहले तीन महीनों में ही अब तक 1,580 ड्रंक एंड ड्राइविंग के मामले सामने आ चुके हैं, जो कि पूरे वर्ष 2025 के कुल 1,537 मामलों से भी अधिक है। यह आंकड़ा साफ संकेत देता है कि, शहर में नशे में वाहन चलाने की समस्या लगातार बढ़ रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि, वे खुद की और दूसरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शराब पीकर वाहन न चलाएं।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि, यह अभियान सिर्फ चालान काटने के लिए नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को रोकने के लिए है। अफसरों ने स्पष्ट कहा कि, नशे में गाड़ी चलाना खुद के साथ दूसरों के लिए भी जानलेवा है।