कुशाभाऊ ठाकरे विश्वविद्यालय के MBA और BBA छात्रों ने वचन डेयरी खरोरा में दूध संग्रहण, प्रोसेसिंग और पैकेजिंग की आधुनिक प्रक्रियाओं का प्रत्यक्ष अध्ययन किया।

रायपुर। कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय के प्रबंधन विभाग के एमबीए (HRD) और बीबीए द्वितीय सेमेस्टर के विद्यार्थियों का शैक्षणिक भ्रमण सारदा डेयरी एंड फूड प्रोडक्ट्स लिमिटेड की वचन दुग्ध फैक्ट्री, खरोरा में आयोजित किया गया। कुलपति प्रो. मनोज दयाल के निर्देशानुसार हुए इस भ्रमण का उद्देश्य छात्रों को पुस्तकीय ज्ञान से आगे ले जाकर वास्तविक औद्योगिक प्रक्रियाओं से अवगत कराना था।

दूध प्रसंस्करण की पूरी प्रक्रिया का अवलोकन
विद्यार्थियों ने फैक्ट्री में दूध के संग्रहण से लेकर उसकी प्रोसेसिंग, पास्चरीकरण, पैकेजिंग और कोल्ड चेन मैनेजमेंट तक की संपूर्ण प्रक्रिया को प्रत्यक्ष रूप से देखा। इस दौरान-

  • मिल्क कलेक्शन यूनिट
  • टेस्टिंग लैब
  • प्रोसेसिंग सेक्शन
  • पैकेजिंग लाइन
  • कोल्ड चेन सिस्टम

की कार्यप्रणाली को विस्तार से समझाया गया।

अधिकारियों ने दी तकनीकी जानकारी
प्लांट के अधिकारी कृपाशंकर यादव ने छात्रों को फैक्ट्री के कार्य-नियम, सुरक्षा मानक और स्वच्छता प्रोटोकॉल के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने पास्चरीकरण प्रक्रिया, मिलावट रोकथाम तकनीक और गुणवत्ता जांच की बहुस्तरीय प्रणाली को व्यावहारिक उदाहरणों के साथ समझाया। साथ ही पाश्चराइज्ड मिल्क, फ्लेवर मिल्क, दही, छाछ, घी आदि उत्पादों की उत्पादन प्रक्रिया भी विस्तार से बताई गई।

छात्रों के लिए ‘लाइव लैब’ जैसा अनुभव
तकनीकी विशेषज्ञों ने छात्रों के सवालों का साइट पर समाधान किया। यह भ्रमण विद्यार्थियों के लिए एक लाइव इंडस्ट्रियल लैब साबित हुआ, जहाँ उन्होंने वास्तविक उत्पादन प्रणाली को करीब से समझा और उसे अपने प्रबंधन ज्ञान से जोड़कर देखा।

विश्वविद्यालय और प्लांट के वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर फैक्ट्री के एचआर संजय लाल, डॉ. जितेन्द्र मौर्या, प्रबंधन विभाग प्रमुख डॉ. आशुतोष मंडावी, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. संदीप कुमार पंडा सहित एमबीए (HRD) और बीबीए द्वितीय सेमेस्टर के विद्यार्थी उपस्थित रहे।