संजय यादव - कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के गौरझूमर क्षेत्र में राशन वितरण को लेकर गंभीर अनियमितता का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि जनवरी माह का राशन अब तक हितग्राहियों को नहीं दिया गया, जबकि शासन की ओर से आवंटन जारी होने की पुष्टि हो चुकी है। इस अनियमितता से नाराज ग्रामीण कलेक्टर कार्यालय तक पहुंच गए और प्रशासनिक व्यवस्था पर गहरी नाराजगी जताई।
राशन वितरण में गड़बड़ी से बढ़ी ग्रामीणों की परेशानी
ग्रामीणों ने बताया कि उचित मूल्य दुकान का संचालन कर रहे समूह ने जनवरी महीने का खाद्यान्न उपलब्ध नहीं कराया। जब लाभार्थी जानकारी लेने दुकान पहुंचे, तो वहां मौजूद सेल्समेन संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए, जिससे ग्रामीणों में असंतोष और बढ़ गया।
ग्रामीणों ने यह भी याद दिलाया कि पहले भी इसी दुकान को संचालित करने वाले समूह पर लाखों रुपये के गबन का आरोप लगा था, जिसके बाद उसे हटाया गया था। इसके बावजूद अब दोबारा अनियमितताएँ सामने आ रही हैं, जिससे प्रशासन की निगरानी और कार्रवाई पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
कवर्धा जिले के गौरझूमर में जनवरी का राशन न मिलने से ग्रामीण नाराज, शिकायत लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे।@KabirdhamDist #Chhattisgarh #Rationshop @FoodCgGov pic.twitter.com/NbWu3uiOS8
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) February 28, 2026
महंगे दाम पर खरीदना पड़ रहा अनाज- ग्रामीण
स्थानीय महिला उमा भारती ने कहा कि राशन न मिलने से कई परिवारों को बाजार से महंगे दाम पर अनाज खरीदना पड़ रहा है, जिससे आर्थिक बोझ बढ़ गया है। वहीं ग्रामीण विनोद धुर्वे ने बताया कि शासन द्वारा आवंटन दिए जाने की जानकारी स्पष्ट है, फिर भी वितरण नहीं किया जा रहा। जिम्मेदार लोग न स्पष्ट जानकारी दे रहे हैं और न ही समस्या का समाधान कर रहे हैं।
कवर्धा के गौरझूमर में जनवरी का राशन न मिलने पर ग्रामीणों ने कलेक्टर कार्यालय में विरोध जताया; खाद्य विभाग ने जांच और कार्रवाई का भरोसा दिया। @KabirdhamDist #Chhattisgarh #Rationshop @FoodCgGov pic.twitter.com/hdJCPPev5F
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) February 28, 2026
प्रशासन की प्रतिक्रिया
इस मामले में जिला खाद्य अधिकारी चंद्रशेखर देवांगन ने कहा कि पूरा प्रकरण जांच के दायरे में लिया जाएगा। यदि शिकायतें सत्य पाई गईं, तो तत्काल राशन वितरण सुनिश्चित कराया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल ग्रामीण प्रशासन से त्वरित हस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं ताकि उन्हें लंबे समय से रुका हुआ राशन जल्द मिल सके।










