रायुपर। मंगलवार को वित्तमंत्री ओपी चौधरी द्वारा पेश बजट में महिला एवं बाल विकास विभाग का खास ध्यान रखा गया है। सरकार की सबसे महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना के लिए बजट में 8200 करोड़ रूपए का प्रावधान रखा गया है। इसके साथ ही नई योजना शुरू करते हुए वित्तमंत्री ने रानी दुर्गावती योजना का ऐलान किया है। इस योजना में नोनी यानी लड़कियों के 18 वर्ष की उम्र पूरा होने पर उन्हें 1.5 लाख रूपए दिया जायेगा। इसके लिए 15 करोड़ रूपए का प्रावधान रखा गया है।
वहीं वित्तमंत्री ने प्रदेश के गांवों में 250 महतारी सदन निर्माण के लिए 75 करोड़ रूपए का प्रावधान रखा है। वहीं प्रदेश की आंगनबाड़ियों के संचालन के लिए 800 करोड़ रूपए का प्रावधान किया गया है। इसमें से पूरक पोषण आहार योजना के लिए 650 करोड़ तथा कुपोषण मुक्ति योजनाओं के लिए 235 करोड़ रूपए का प्रावधान अलग-अलग रखा गया है।
नए आंगनबाड़ी भवनों के लिए 42 करोड़
शहरी क्षेत्रों में 250 तथा ग्रामीण क्षेत्रों में अभिसरण के माध्यम से 500 आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण के लिए 42 करोड़ रूपए का प्रावधान। प्रधानमंत्री मातृवंदन योजना के तहत 120 करोड़ तथा मिशन वात्सल्य योजना के लिए 80 करोड़ रूपए का प्रावधान रखा गया है।
रानी दुर्गावती योजना
मोदी की गारंटी में बालिकाओं के जन्म होने पर उन्हें गरिमामयी आर्थिक सुरक्षा प्रदान का वादा किया गया था। जिसके तहत इस बजट में रानी दुर्गावती योजना प्रारंभ करने जा रहे हैं। इस योजना में नोनी के 18 वर्ष पूरा होने पर उसे 1.5 लाख रूपए दिया जायेगा इसके लिए 15 करोड़ रूपए का प्रावधान रखा गया है।