गोपी कश्यप- नगरी। हनुमान जयंती के पावन अवसर पर ग्राम में भक्ति, आस्था और सामाजिक एकता का अनूठा संगम देखने को मिला। इस शुभ अवसर पर रामायण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया, साथ ही शीतला माता मंदिर के सामने टीना शेड निर्माण के लिए विधिवत भूमिपूजन कार्यक्रम जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित होकर धार्मिक आयोजन में शामिल हुए और पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम की शुरुआत पूजा-अर्चना एवं हनुमान जी की वंदना के साथ हुई, जिसके पश्चात रामायण पाठ एवं भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और भक्ति भाव से भाग लेकर वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर ग्राम समिति के संरक्षक शत्रुघन यादव, सरपंच मुकेश्वरी छेदेया, ग्राम समिति अध्यक्ष मानिक राम साहू, बलदाऊ यादव, रामजी यादव, बलराम यादव, पांचो बाई सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
सामुदायिक सहयोग और सहभागिता आवश्यक
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने कहा कि, हनुमान जी का जीवन हमें सेवा, समर्पण और निष्ठा की प्रेरणा देता है। जिस प्रकार उन्होंने भगवान श्रीराम के प्रति अटूट आस्था रखी, उसी प्रकार हमें भी अपने जीवन में कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भाव को अपनाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि, समाज के विकास के लिए सामुदायिक सहयोग और सहभागिता अत्यंत आवश्यक है।
इन कार्यक्रमों के लिए मिलेगा लाभ
उन्होंने टीना शेड निर्माण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि, इसके बन जाने से गांव में धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए एक स्थायी एवं सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा, जिससे ग्रामीणों को काफी लाभ मिलेगा।
ग्रामीणों ने अध्यक्ष अरुण सार्वा प्रति आभार व्यक्त किया
ग्रामवासियों ने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि, यह कार्य गांव के विकास की दिशा में एक सराहनीय कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि, भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यों से क्षेत्र का समग्र विकास होता रहेगा। समग्र रूप से यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक रहा, बल्कि सामाजिक एकता और विकास के प्रति सामूहिक संकल्प का भी संदेश देने वाला साबित होगा।









