कुश अग्रवाल- बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले में जल संरक्षण को जन-आंदोलन का स्वरूप देते हुए 'मोर गाँव, मोर पानी' महाभियान के तहत ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की गई है। मात्र 15 दिनों में 31 हजार से अधिक रेन वाटर हार्वेस्टिंग संरचनाओं का निर्माण कर प्रशासन और ग्रामीणों ने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
यह अभियान प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत निर्मित आवासों में जल संचयन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाया गया, जिसमें व्यापक जन जागरूकता, सामुदायिक सहभागिता और श्रमदान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बलौदा बाजार जिले में 'मोर गाँव, मोर पानी' महाभियान के तहत 15 दिनों में 31 हजार से अधिक रेन वाटर हार्वेस्टिंग संरचनाओं का निर्माण हुआ। इस अभियान की शुरुआत कलेक्टर कुलदीप शर्मा के मार्गदर्शन में हुई है। @BalodaBazarDist #Chhattisgarh pic.twitter.com/Q0yL54lk0f
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) April 3, 2026
13 मार्च 2026 से अभियान की हुई शुरुआत
कलेक्टर कुलदीप शर्मा के मार्गदर्शन और जिला पंचायत सीईओ दिव्या अग्रवाल के नेतृत्व में अभियान की शुरुआत 13 मार्च 2026 से की गई। तिथिवार कार्यक्रमों के साथ संचालित इस अभियान में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और श्रमदान के जरिए इसे जन-आंदोलन का रूप दे दिया।
संरचनाएं निभाएंगी अहम भूमिका
लगभग 300 वर्ग फीट के औसत क्षेत्रफल वाले प्रत्येक पीएम आवास में निर्मित ये संरचनाएं वर्षा जल को सहेजने में अहम भूमिका निभाएंगी। अनुमान है कि, हर वर्षा ऋतु में इनसे हजारों लीटर पानी का संग्रहण संभव होगा, जिससे भूजल स्तर में वृद्धि भी होगी।
नागरिकों से जिला प्रशासन ने की अपील
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि, वे इस जन-आंदोलन से जुड़कर अपने घरों और गांवों में अधिक से अधिक जल संरक्षण संरचनाएं बनाएं और 'हर घर जल संचय' के लक्ष्य को साकार करने में सक्रिय भूमिका निभाएं।









