Logo
BBM के 15 नक्सली बलौदा थाने में सरेंडर कर सकते हैं। पतेरापाली, कापू कुंडा और जामपाली के जंगल में इनके होने की संभावना जताई जा रही है।

महासमुंद। छत्तीसगढ़ में कुछ दिनों पहले BBM (बलांगीर, बरगढ़, महासमुंद) के नक्सलियों ने सरेंडर करने की बात कही थी। ऐसे में वे महासमुंद जिले के बलौदा थाने में 15 नक्सली सरेंडर कर सकते हैं। पतेरापाली, कापू कुंडा और जामपाली के जंगल में इनके होने की संभावना जताई जा रही है। सरेंडर कराने वाले प्रतिनिधि मंडल की जंगल में नक्सलियों से मुलाकात होने की बात कही जा रही है। 

महासमुंद पुलिस और ओडिशा पुलिस ने अपील के पोस्टर जारी कर नक्सलियों से आत्मसमर्पण की अपील की है। जिसमें मुख्य धारा में लौट चुके नक्सलियों की तस्वीर भी किया गया है। पोस्टर में उनके संपर्क में रहे माओवादियों के साथ- साथ जिला पुलिस का भी नम्बर जारी किया गया है। महासमुंद पुलिस लाइन में सरेंडर को लेकर प्रेसवार्ता की तैयारी हो रही है। 

पांच दिन पहले पत्र लिखकर किया था ऐलान 
उल्लेखनीय है कि, छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर सक्रिय CPI (माओवादी) बलांगीर-बरगड़-महासमुंद (BBM) डिवीजन के 15 नक्सलियों ने हथियारों के साथ आत्मसमर्पण करने का ऐलान किया है। पश्चिम सब ब्यूरो सचिव ‘विकास’ ने गृह मंत्री विजय शर्मा को विस्तृत पत्र भेजकर कहा है कि सभी सदस्य मुख्यधारा में जुड़ने के लिए तैयार हैं और सरकार से रेडियो संदेश के माध्यम से सुरक्षा की गारंटी चाहते हैं। गृह मंत्री ने भी आश्वासन दिया है कि सरकार पुनर्वास नीति पर पहले से काम कर रही है और जल्द ही वीडियो संदेश जारी करेंगे।

5379487