रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के पहले दिन वित्तमंत्री ओपी चौधरी ने सदन में आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया। आर्थिक सर्वेक्षण प्रस्तुत करते हुए राज्य की अर्थव्यवस्था को लेकर सकारात्मक तस्वीर पेश की गई। वर्ष 2025-26 में राज्य के सकल राज्य घरेलू उत्पाद में 11.57 प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान जताया गया है। साय सरकार ने जीएसडीपी को 6.31 लाख करोड़ तक पहुंचने की संभावना जताई है। छत्तीसगढ़ की वृद्धि दर 8.11 प्रतिशत रहने का अनुमान है। वहीं प्रति व्यक्ति आय पिछले साल के मुकाबले 17 हजार बढ़कर 1,79,244 रुपए हो गई है।
आर्थिक सर्वेक्षण के अनुसार, वर्ष 2025-26 में छत्तीसगढ़ का जीएसडीपी 6.31 लाख करोड़ तक पहुंच सकता है। वित्तमंत्री ओपी चौधरी ने इसे राज्य की विकास योजनाओं, अधोसंरचना विस्तार और निवेश बढ़ोतरी का परिणाम बताया है। वित्त मंत्री ने कहा, पिछले वित्त वर्ष 2024-25 में 10.50 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई थी, जो राष्ट्रीय औसत से बेहतर प्रदर्शन को दर्शाती है। धान खरीदी, कृषि आधारित उद्योगों के विस्तार और सेवा क्षेत्र में बढ़ते निवेश का सकारात्मक असर प्रदेश में देखने को मिला। आर्थिक सर्वेक्षण के मुताबिक, 2025-26 में राज्य की प्रति व्यक्ति आय 1,79,244 रुपए होने का अनुमान है। यह वर्ष 2024-25 की तुलना में 10.07 प्रतिशत अधिक है। सरकार का दावा है कि विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, ग्रामीण विकास कार्यक्रमों और रोजगार सृजन के प्रयासों से आम नागरिक की आय में वृद्धि हुई है।
कृषि, उद्योग और सेवा सेक्टर में तेज रफ्तार
आर्थिक सर्वेक्षण में तीनों प्रमुख क्षेत्रों में वृद्धि का अनुमान जताया गया है। कृषि क्षेत्र- 2025-26 में 12.53 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान है। उद्योग क्षेत्र- 10.26 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान है। सेवा क्षेत्र-13.15 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान है। स्थिर भावों पर कुल वृद्धि दर 8.11 प्रतिशत का अनुमान है।
राजकोषीय संतुलन पर फोकस
आर्थिक सर्वेक्षण को आगामी बजट का आधार माना जा रहा है। वित्त मंत्री द्वारा पेश किए गए आंकड़े यह संकेत देते हैं कि सरकार विकास और राजकोषीय संतुलन दोनों पर फोकस कर रही है। अब 24 फरवरी को पेश होने वाले बजट पर राजनीतिक दलों और आम जनता की नजरें टिकी हैं, जहां इन अनुमानों को धरातल पर उतारने की रणनीति सामने आएगी। 2024-25 के आंकड़ेः कृषि में 11.76 प्रतिशत, उद्योग में 9.91 प्रतिशत, सेवा क्षेत्र में 10.08 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई थी।
हर परिवार सशक्त छत्तीसगढ़ का हिस्सा बनेः साय
सीएम विष्णुदेव साय ने कहा, छत्तीसगढ़ आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 हमारे राज्य की मजबूत और संतुलित अर्थव्यवस्था का प्रमाण है। समृद्ध किसान, मजबूत उद्योग और विस्तृत सेवा क्षेत्र यही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव है। कृषि क्षेत्र में मजबूत विकास दर दर्ज हुई है, जो किसानों की मेहनत और हमारी किसान-हितैषी नीतियों का परिणाम है। समृद्ध किसान ही विकसित छत्तीसगढ़ की नींव है। सीएम ने कहा, हमारा लक्ष्य है बढ़ती आय, बेहतर अवसर और समृद्ध जीवन के साथ हर परिवार सशक्त छत्तीसगढ़ का हिस्सा बने।