Logo
हरिभूमि-आईएनएच के प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल से चर्चा की।

रायपुर। हरिभूमि और आईएनएच के मंच से प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा है कि नक्सलवाद खत्म होने और बेहतर कनेक्टिविटी के आधार पर छत्तीसगढ़ में पर्यटन की संभावनाएं बढ़ गई हैं और इसे एक पर्यटन राज्य के रूप में विकसित करने पर पूरा जोर है। सरगुजा के लिए उन्हें कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर अब शहर के बाहर ही बसाना बेहतर होगा। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सरकार में पर्यटन विभाग का बजट चार गुना बढ़कर 500 करोड़ रुपए से ऊपर हो गया है। 

डॉ. द्विवेदीः टिकट मिलने के बाद चुनाव जीतने और फिर मंत्री बनने के बाद कैसा लगा क्या सोचते हैं इस बारे में ?
श्री अग्रवालः राजनीति में आने के बाद हर किसी की सोच रहती है कि वह आगे बढ़े। एक कार्यकर्ता के तौर पर मेहनत करता गया और इसका फल मुझे पार्टी ने दिया है। अब जो कैबिनेट मंत्री का दर्जा मिला है उसे विभाग में बेहतर काम करते हुए जनता के साथ पार्टी की उम्मीदो पर खरा उतरने की पूरी कोशिश जारी है।

डॉ द्विवेदीः 3 साल बाद जब चुनाव होंगे तो भाजपा और कांग्रेस की स्थिति क्या देखते हैं?
श्री अग्रवालः 3 साल बाद भी जब चुनाव होंगे तो भाजपा की ही सरकार बनेगी। राज्य बनने के बाद 3 साल कांग्रेस की सरकार थी तो तीन बार भाजपा की सरकार बनी और 15 साल सत्ता में हम रहे। अब 5 साल कांग्रेस की सरकार राज्य में रही है तो यह भी तय है कि अगले पांच चुनाव में जीत बीजेपी की ही होगी और 25 साल तक सरकार हम बनाकर जनहित के तौर पर काम करेंगे।

डॉ. द्विवेदीः अंबिकापुर में पिछले दो सालों में कुछ काम हुए हैं क्या ?
श्री अग्रवालः भाजपा की साय सरकार ने पिछले दो सालों में जितनी राशि
अंबिकापुर को दी है उतनी 5 सालों में कांग्रेस ने नहीं दी थी। देखा जाए तो अंबिकापुर नगर निगम क्षेत्र में ही कुल पांच सड़कें हैं जिन पर काम होना है। इनमें से दो सड़कों की स्वीकृति मिलने के साथ काम शुरू हो गया है। तीन की स्वीकृति मिल चुकी है। रिंग रोड पर भी काम चल रहा है। नया ट्रांसपोर्ट नगर भी जल्द बसा लिया जाएगा। जहां तक 19 सालों में पिछला ट्रांसपोर्ट नगर नहीं बसने की बात है तो उसमें कुछ तकनीकी समस्या रही होगी या जनप्रतिनिधियों ने बेहतर काम नहीं किया होगा।

डॉ. द्विवेदीः वर्तमान सरकार में आपकी क्या स्थिति है क्या आपकी बात सुनी जा रही है?
श्री अग्रवालः बिल्कुल, बात सुनी जा रही है और मानी भी जा रही है। इसलिए ही तो मंत्री का दर्जा मिल गया है। पूरे प्रदेश में काम हो रहा है। अंबिकापुर के लिए खास तौर पर राशि स्वीकृत कराई जा रही है। नया ऑडिटोरियम बनाया जा रहा है तो नए स्टेडियम की स्वीकृति मिल गई है। मेडिकल कॉलेज भवन में कुछ समस्या है जिसे दूर किया जा रहा है। इसके लिए पैसा स्वीकृत हो गया है। सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल और नालंदा परिसर के लिए भी बजट की स्वीकृति मिल गई है।

डॉ. द्विवेदीः आप पर्यटन मंत्री हैं आपके विभाग की क्या स्थिति है ?
श्री अग्रवालः पर्यटन विभाग का बजट चार गुना बढकर करीब 500 करोड़ रुपए हो गया है। नक्सलवाद खत्म होने और प्रदेश में बेहतर कनेक्टिविटी होने के कारण पर्यटन क्षेत्र के रूप में बेहतर काम हो रहा है। छत्तीसगढ़ में पर्यटन की बेहतरीन संभावनाएं हैं और यह रोजगार का सबसे बड़ा माध्यम बनकर उभर रहा है। केंद्र सरकार से भी पर्यटन के लिए 700 करोड़ से अधिक की मांग की गई है, जो जल्द मिलने की उम्मीद है। मैनपाट में 5 एक करोड़ रुपए विकास कार्यों के लिए दिए गए हैं 7 करोड़ रुपए और दिए जा रहे हैं।

5379487