Logo
हरिभूमि- आईएनएच के प्रधान संपादक डॉ.हिमांशु द्विवेदी कैबिनेट मंत्री राम विचार नेताम से चर्चा की। 

रायपुर। अंबिकापुर में आयोजित सार्थक संवाद कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ सरकार के कैबिनेट मंत्री राम विचार नेताम ने कहा है कि सरगुजा क्षेत्र में सबसे बड़ी जरूरत इंडस्ट्रयल हब तैयार करने की है। इस दिशा में काम हो रहा है और बॉक्साइट के साथ ही पावर प्लांट को जगह दी जा रही है। हालांकि इसमें सबसे बड़ी कठिनाई जमीन अधिग्रहण की आती है क्योंकि इस विषय में नए नियम लागू होने के बाद सख्ती बढ़ती जा रही है। हरिभूमि-आईएनएच के प्रधान संपादक डॉ हिमांशु द्विवेदी से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि यदि अगले चुनाव में कांग्रेस ने सरगुजा क्षेत्र से सीएम बनाने की घोषणा की तो एकाध सीट पर जीत मिल जाएगी वरना फिर से सभी 14 सीटों पर भाजपा की आसान जीत होगी।2018 के चुनाव में कांग्रेस ने सरगुजा संभाग के मान सम्मान और स्वाभिमान को चोट पहुंचाई, जिसका परिणाम उन्हें सभी 14 सीटों पर हार के रूप में मिला।

डॉ. द्विवेदीः 2023 के चुनाव में जब भाजपा सभी सीटों पर प्रत्याशी बदलने लगी उसके बाद भी आप सुरक्षित कैसे रह गए ?
रामविचार नेतामः मैंने अब तक जितनी भी राजनीति की है उसमें सबसे ऊपर रखा है पार्टी के प्रति निष्ठा और प्रतिबद्धता को। जनहित के काम करना मेरी आदत में शुमार है। इसी आधार पर पार्टी ने मुझे टिकट दिया और जनता का समर्थन भी मुझे मिला जिसके सहारे मुझे जीत मिली। सभी नए और पुराने कार्यकर्ताओं के साथ ही जनप्रतिनिधियों को यह समझना होगा कि पार्टी के प्रति आपके विचार और कर्तव्य ही काम आते हैं।

डॉ.द्विवेदीः सरगुजा क्षेत्र से 14 विधायक होने के बाद भी इस क्षेत्र से मुख्यमंत्री का दायित्व क्यों नहीं दिया गया ?
रामविचार नेताम: प्रदेश का दायित्व संभालना एक बड़ी जिम्मेदारी होती है और पार्टी किसे इसके लायक समझती है यह संगठन स्तर का मामला होता है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सरगुजा संभाग से ही आते हैं और प्रदेश के मुखिया के तौर पर वह बेहतर काम कर रहे हैं। पार्टी ने मुझे जब जो दायित्व दिया है उसे ईमानदारी से निभाने का पूरा प्रयास किया हूं और जनता यह मानती है कि उसमें काफी हद तक सफल भी रहा हूं।

डॉ. द्विवेदीः आप कृषि मंत्री हैं किसानों के लिए क्या योजनाएं हैं और कितना बेहतर काम हो पा रहा है?
रामविचार नेतामः संगठन ने मुझे फिलहाल हल चलाने का काम दिया है तो कृषि क्षेत्र में बेहतर काम करने की पूरी कोशिश हो रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी, राज्य सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का काम हो रहा है। किसानों के लिए अच्छे बीज और अच्छी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। हालांकि 100 प्रतिशत कोई काम नहीं हो पता है फिर भी हम काफी हद तक सफल रहे हैं। राज्य में 25 लाख किसान हैं इनका एक एक दाना खरीदा जा रहा है। यह भी स्वीकार है कि कहीं कोई कमी रह जा रही है लेकिन उसे दूर भी किया जा रहा है।

डॉ. द्विवेदीः 5 साल कांग्रेस के और 2 साल भाजपा के इसे किस रूप में देखते हैं?
रामविचार नेताम: तुलना और जवाब जनता ही देती है। हम जनता के लिए काम कर रहे हैं। हमने जो भी घोषणा की थी उसे समय पर पूरा कर रहे हैं। महतारी वंदन योजना की राशि दी जा रही है। 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीद रहे हैं तो 3100 रूपये प्रति क्विंटल का भुगतान भी किया जा रहा है। यह भी मानना होगा कि सिर्फ धान पर निर्भर नहीं रहा जा सकता, इसलिए दलहन और तिलहन की फसलों की उत्पादकता पर जोर दिया जा रहा है। रासायनिक खेती को कम करने की कोशिश की जा रही है क्योंकि इससे धरती जहरीली हो रही है। किसनों और लोगों को भी इसके लिए जागरूक किया जा रहा है।

डॉ. द्विवेदी: 10 साल रमन सरकार में और 2 साल साय सरकार में आप मंत्री रहे हैं इससे सरगुजा अंचल को क्या मिला?
रामविचार नेतामः 14 विधायक भाजपा के जीत कर आए हैं इससे बड़ा सम्मान क्या मिलेगा। सड़कों पर काम हो रहा है, ओवर ब्रिज पर काम हो रहा है, नेशनल हाईवे पर काम हो रहा है। कालीघाट से सीधे रामानुजगंज तक सड़क जोड़ी जा रही है। नई रेल लाइन के लिए सर्वे पूरा हो गया है। 300 करोड़ से अधिक के दूसरे काम हो रहे हैं। अंबिकापुर से जशपुर और गुमला तक की सड़क को जोड़ा जा रहा है। हवाई सेवा भी जल्द शुरू हो रही है।

डॉ. द्विवेदीः हसदेव में पेड़ों की कटाई के मामले में क्या हो रहा है?
रामविचार नेतामः हसदेव में पेड़ों की कटाई का विरोध हमने भी किया था, लेकिन अब इसे एक बड़े मन से सोचना होगा। बिजली की जरूरत आज हर किसी को है। बिजली चाहिए तो कोयला भी चाहिए। इसके लिए जंगल भी कटेंगे।

डॉ. द्विवेदीः आप अनुभवी नेता प्रभावशाली मंत्री हैं, तो क्या बचे तीन साल में कोई बड़ी इंडस्ट्री लगवाएंगे, जिससे अंचल के युवाओं को रोजगार मिले?
रामविचार नेतामः यह सही है कि सरगुजा क्षेत्र अब तक उद्योग विहीन जिला रहा है इसलिए ही इस दिशा में सोच के साथ काम हो रहा है। उद्योग जब आएंगे तो रोजगार के अवसर भी उपलब्ध होंगे। हालांकि इसमें जमीन अधिग्रहण एक बड़ी बाधा के रूप में सामने आ रही है। इसके बाद भी सरगुजा और जशपुर क्षेत्र में इंडस्ट्रयल आ रही हैं और उनसे चर्चा अंतिम रूप में है। सरगुजा क्षेत्र अनुसूचित क्षेत्र के अंतर्गत आता है इसलिए परेशानी थोड़ी और बढ़ जाती है। विष्णुदेव साय की सरकार में अंचल में कुछ बड़ा उद्योग जरूर लगेगा।

डॉ. द्विवेदीः 10 साल डॉ रमन सिंह सरकार में मंत्री, 5 साल भूपेश बघेल सरकार में विपक्ष में रहे और अब 2 साल विष्णु देव साय की सरकार। तीनों मुख्यमंत्री में कौन कैसा, समीक्षा करेंगे?
रामविचार नेतामः तुलना अलग-अलग क्षेत्र में अलग-अलग रूप में होती है। पार्टी सर्वव्यापी, सर्वस्पर्शी और सर्वाग्राही होनी चाहिए। भूपेश ऐसा कभी नहीं हो पाए, इसलिए ही 2023 के चुनाव में परिणाम उनके विपरीत आए। निश्चित तौर पर पिछली 2 साल से विष्णु देव साय की सरकार बेहतर काम कर रही है। जनता से जुड़ी योजनाओं पर काम हो रहा है।

डॉ. द्विवेदीः चरण दास महंत के नेतृत्व में विपक्ष की भूमिका को कैसे देखते हैं। क्या 3 साल बाद चुनौती पेश करने की स्थिति में है?
रामविचार नेतामः कांग्रेसी नेता डॉ. चरण दास महंत एक संत आदमी हैं मैं उन्हें प्रणाम करता हूं। हालांकि 3 साल बाद भी भाजपा की सरकार ही बनेगी इसलिए उन्हें विपक्ष में ही रहना होगा।

5379487