बलौदा बाजार जिले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ बजट को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि, प्रदेश का बजट काफी निराशाजनक है। 

कुश अग्रवाल- बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज बलौदा बाजार जिले के पवित्र तीर्थ स्थल गिरौदपुरी धाम के लिए रवाना हुए। इस दौरान रास्ते में जगह-जगह कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका आत्मीय स्वागत किया। कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

पूर्व मुख्यमंत्री के साथ कसडोल विधायक संदीप साहू, बिलाईगढ़ विधायक कविता प्राण लहरे, भाटापारा विधायक इंदर साव सहित दर्जनभर से अधिक विधायक गिरौदपुरी मेले में शामिल होने और गुरु घासीदास जी के दर्शन के लिए पहुंचे।

प्रदेश देश का बजट काफी निराशाजनक है 
इस दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ बजट को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि, प्रदेश का बजट काफी निराशाजनक है। न तो इसमें शिक्षा के लिए ठोस प्रावधान दिखता है, न ही स्वास्थ्य और रोजगार को लेकर कोई स्पष्ट योजना नजर आती है। कुल मिलाकर यह बजट जनता की उम्मीदों पर खरा नहीं उतरता। 

छत्तीसगढ़ विकास की दिशा में आगे बढ़ने के बजाय पीछे जा रहा  
उन्होंने कहा कि, बजट को देखकर ऐसा लगता है कि छत्तीसगढ़ विकास की दिशा में आगे बढ़ने के बजाय पीछे जा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में बजट को लेकर चर्चा तेज हो गई है।