बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के ग्राम सलधा में चैत्र नवरात्रि के अंतिम दिन रामनवमी पर आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। हरिराम साहू और अंगद साहू के परिवार द्वारा प्रज्वलित जोत-जंवारा एवं ज्योति कलश का विसर्जन भव्य शोभायात्रा के साथ किया गया, जिसमें पूरे गांव ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
भक्ति और उत्साह से सराबोर रहा माहौल
विसर्जन के अवसर पर गांव में जस गीत, सेवा मंडली द्वारा भक्ति गीतों का वादन और गायन पूरे वातावरण को आध्यात्मिक बना रहा था। श्रद्धा से भरी इस शोभायात्रा में महिलाएं, पुरुष, बच्चे सभी पारंपरिक अंदाज में शामिल हुए। हरिराम साहू और अंगद साहू के घर से निकली यात्रा गांव के विभिन्न मार्गों से होती हुई तालाब तक पहुंची, जहां विधि-विधान के साथ जोत-जंवारा का विसर्जन किया गया।
शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब
शोभायात्रा में ग्रामीण महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा धारण कर सिर पर सजे जंवारा को लेकर भागीदारी निभाई। बच्चों और युवाओं में भी उत्साह देखने लायक था। जयकारों, ढोल-नगाड़ों और भजन-गायन के साथ पूरी यात्रा भक्तिभाव से ओत-प्रोत रही। विसर्जन के बाद प्रसाद वितरण की परंपरा निभाई गई।
पूर्व मंत्री और पूर्व विधायक ने लिया आशीर्वाद
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू और बेमेतरा के पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा भी पहुंचे। उन्होंने माता रानी के दरबार में आशीर्वाद लिया और आयोजन की सराहना की। ग्रामीणों का मानना है कि ऐसे आयोजन न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत करते हैं बल्कि परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम भी हैं।
पूरे परिवार और ग्रामीणों ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
ज्योति कलश और जोत-जंवारा की पूजा-अर्चना में हीराराम साहू, उत्तम साहू, शिवांश साहू, सुमित, निर्मल, कुंज, गौरव सहित पूरे परिवारजन और गांव के लोगों ने सक्रिय भूमिका निभाई। पूरे नवरात्रि उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं ने नियमपूर्वक पूजा-पाठ करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाया।