कुश अग्रवाल- बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के नगर भवन में भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बलौदा बाजार विधायक एवं राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा मुख्य रूप से मौजूद रहे। इस अवसर पर पूर्व विधायक प्रमोद शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन सहित शहर के कई राजनीतिक और सामाजिक प्रतिनिधि तथा कारोबारी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
आपको बता दें कि, होली मिलन समारोह के दौरान मंत्री टंक राम वर्मा ने मंच पर पारंपरिक फाग गीत गाकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। उनके गायन से पूरे कार्यक्रम का माहौल और भी रंगीन व उत्साहपूर्ण हो गया।
फाग गीतों और ढोल-नगाड़ों की गूंज
नगाड़ों की थाप पर मंत्री वर्मा ने जोरदार नृत्य भी किया, जिसमें शहरवासियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। फाग गीतों और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच पूरा समारोह रंग और उमंग से सराबोर नजर आया। बताया जा रहा है कि, मंत्री टंक राम वर्मा को शुरू से ही संस्कृति और कला में विशेष रुचि रही है। राजनीतिक जिम्मेदारियों के बीच भी अवसर मिलने पर वे अपनी गायन प्रतिभा का प्रदर्शन करते रहते हैं।
जीवन में खुशियों और उत्साह के नए रंग
इस दौरान मंत्री टंक राम ने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुशासन में प्रदेश विकास और प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। साथ ही उन्होंने सभी नागरिकों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि, यह त्योहार सभी के जीवन में खुशियों और उत्साह के नए रंग लेकर आए।