प्रेम सोमवंशी- कोटा। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के कोटा विकासखंड के शिवतराई गांव में राज्यपाल रमेन डेका पहुंचे। उन्होंने बैगा और बिरहोर जनजाति के लोगों से मुलाकात कर उनकी जीवनशैली, संस्कृति और सरकारी योजनाओं से मिल रहे लाभ की जानकारी ली। इस दौरान राज्यपाल ने आर्चरी खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए प्रत्येक खिलाड़ी को पांच-पांच हजार रुपये देने की घोषणा की और उन्हें लोकभवन रायपुर आने का निमंत्रण भी दिया।
राज्यपाल रमेन डेका ने करका गांव की लखपति दीदी प्रमिला बैगा से चर्चा की। उन्होंने बताया कि, वे गोंदा स्वसहायता समूह से जुड़ी हैं और समूह की महिलाएं सिलाई, अचार-पापड़ निर्माण समेत कई आजीविका गतिविधियां चला रही हैं। बैगा महिलाएं बांस से विभिन्न उपयोगी उत्पाद भी तैयार कर रही हैं।
बिलासपुर के कोटा विकासखंड के शिवतराई गांव में राज्यपाल रमेन डेका ने बैगा और बिरहोर जनजाति के लोगों से मुलाकात की। उन्होंने सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। @BilaspurDist #Chhattisgarh @GovernorCG pic.twitter.com/cLWXldhkzg
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) March 5, 2026
योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी की ली जानकारी
राज्यपाल ने आयुष्मान कार्ड, महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन और पीएम जनमन योजना जैसी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी भी ली। औरापानी की मंगली ने बताया कि उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिला है, जबकि शिवतराई की ममता खुसरो ने बताया कि उन्हें आयुष्मान कार्ड और महतारी वंदन योजना दोनों का लाभ मिल रहा है और आयुष्मान कार्ड से उन्होंने अपना अल्सर का ऑपरेशन भी कराया है।
अपनी परंपराओं को सहेजकर रखना चाहिए- राज्यपाल
राज्यपाल ने कहा कि, बैगा और बिरहोर समाज की समृद्ध संस्कृति और परंपराएं उनकी पहचान हैं। इसलिए लोगों को अपनी परंपराओं को सहेजकर रखना चाहिए। उन्होंने बताया कि, बांस के उत्पाद और पारंपरिक गहने बनाने के लिए प्रशिक्षकों की भी व्यवस्था की जाएगी। साथ ही बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाने पर भी जोर दिया।
बिलासपुर के कोटा विकासखंड के शिवतराई गांव में राज्यपाल रमेन डेका ने बैगा और बिरहोर जनजाति के लोगों से मुलाकात की। उन्होंने सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। @BilaspurDist #Chhattisgarh @GovernorCG pic.twitter.com/Nc4YpWw066
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) March 5, 2026
करीब 900 आवास स्वीकृत
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने जानकारी दी कि, जिले में पीवीटीजी समुदाय के लगभग 6400 लोग 54 बसाहटों में रहते हैं। पीएम जनमन योजना के तहत करीब 900 आवास स्वीकृत किए गए हैं और 21 सड़कों का निर्माण किया गया है। टाटीधार में बहुद्देशीय केंद्र बनाया गया है और तीन मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से पीवीटीजी बसाहटों में स्वास्थ्य परीक्षण और दवाइयां निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।
योजना का लाभ लोगों तक पहुंचाया जाए- राज्यपाल
राज्यपाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि, पीएम जनमन योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाया जाए और नियमित रूप से मेडिकल कैंप लगाए जाएं। उन्होंने टीबी मरीजों के पोषण के लिए उन्हें गोद लेने की पहल को भी प्रोत्साहित किया।
बैगा समाज के लोगों को राज्यपाल ने दीं शुभकामनाएं
कार्यक्रम के अंत में राज्यपाल ने बैगा समाज के लोगों को होली की शुभकामनाएं दीं और उपहार भी वितरित किए। बैगा समाज के प्रमुख लुमन सिंह बैगा ने पलाश के फूलों की माला पहनाकर राज्यपाल का स्वागत किया, वहीं बैगा महिलाओं ने खुमरी पहनाकर उनका पारंपरिक अभिनंदन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।










