Logo
पलारी में स्वागत के दौरान भिलाई विधायक देवेंद्र यादव ने गिरौदपुरी धाम रवाना होने से पहले बजट 2026 और होली पर शराब दुकान खोलने के फैसले को लेकर सरकार पर जमकर निशाना साधा।

कुश अग्रवाल - बलौदा बाजार। भिलाई के विधायक देवेंद्र यादव का बलौदा बाजार जिले के पलारी में सोमवार को गिरौदपुरी धाम जाते समय जिला युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया। मीडिया से चर्चा में विधायक ने छत्तीसगढ़ के आगामी बजट 2026 और सरकार के हालिया फैसलों पर तीखी प्रतिक्रिया दी।

विधायक का पलारी में जोरदार स्वागत
गिरौदपुरी धाम के लिए रवाना होते हुए भिलाई के विधायक देवेंद्र यादव पलारी पहुंचे, जहां अंबेडकर चौक के पास जिला युवा कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान विधायक ने सभी समाज के लोगों को मेले की शुभकामनाएं भी दीं।

बजट 2026 पर तीखा कटाक्ष
मीडिया से बात करते हुए विधायक यादव ने केंद्र और राज्य की 'डबल इंजन सरकार' पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि, दोनों इंजन एक-दूसरे को खींच रहे हैं, जिससे आम जनता परेशान है। विधायक के अनुसार-

  • सरकार के पास जमीनी स्तर की कोई ठोस योजना नहीं है।
  • विभिन्न समाजों में आक्रोश है।
  • बजट में शामिल किए जाने योग्य योजनाओं का अभाव साफ दिख रहा है।
  • उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विकास की बजाय केवल प्रचार में व्यस्त है।

होली पर शराब दुकान खोलने के फैसले की कड़ी आलोचना
विधायक यादव ने होली के दिन शराब दुकानों को खोलने के निर्णय को अनुचित बताया। उनका कहना था कि, सरकार टैक्स वसूली के किसी भी मौके को नहीं छोड़ना चाहती। युवाओं पर नशे का दुष्प्रभाव बढ़ेगा, जिसकी सरकार को चिंता नहीं है। राजस्व बढ़ाने के नाम पर युवाओं को गलत दिशा में धकेला जा रहा है। इस बयान के साथ उन्होंने राज्य सरकार की नीतियों पर गंभीर सवाल खड़े किए।

5379487