Logo
बलौदा बाजार के नवपदस्थ कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने कसडोल के अमोदी गांव में जन चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

कुश अग्रवाल - बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले के नवपदस्थ कलेक्टर कुलदीप शर्मा शुक्रवार को कसडोल विकासखंड के दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत अमोदी में बरगद के पेड़ के नीचे जन चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश भी दिए।

ग्रामीणों ने किया कलेक्टर का स्वागत
गांव पहुंचने पर अमोदी के सरपंच लक्ष्मी नारायण सागर और ग्रामीणों ने कलेक्टर कुलदीप शर्मा का गुलदस्ता और पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। इसके बाद बरगद के पेड़ के नीचे जन चौपाल आयोजित की गई, जहां ग्रामीणों ने खुलकर अपनी समस्याएं और मांगें रखीं।

जोक नदी के कटाव से हर साल होती है परेशानी
जन चौपाल के दौरान सरपंच लक्ष्मी नारायण सागर ने बताया कि अमोदी गांव जोक नदी के किनारे स्थित है। बारिश और बाढ़ के समय नदी किनारे मिट्टी का कटाव होता है, जिससे गांव की जमीन और रास्तों को नुकसान पहुंचता है। ग्रामीणों ने इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए नदी किनारे तटबंध निर्माण कराने की मांग कलेक्टर के सामने रखी।

सड़क और नाली की समस्या भी उठी
ग्रामीणों ने बताया कि गांव की कई गलियों में जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं है। बारिश के दिनों में पानी भरने से कीचड़ हो जाता है और आवागमन में काफी परेशानी होती है। इस समस्या को देखते हुए ग्रामीणों ने गांव में सीसी सड़क और नाली निर्माण की मांग भी कलेक्टर से की।

स्कूल उन्नयन की भी उठी मांग
ग्रामीणों ने गांव की शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्राथमिक शाला को मिडिल स्कूल में उन्नयन करने की मांग रखी। उनका कहना था कि आगे की पढ़ाई के लिए बच्चों को दूर जाना पड़ता है, जिससे पढ़ाई प्रभावित होती है।

अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन जैसे राजस्व मामलों का समय-सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

जल जीवन मिशन और जल संरक्षण पर दिया जोर
कलेक्टर ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत जल्द ही हर घर तक नल से जल पहुंचाने का कार्य तेज किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए वाटर हार्वेस्टिंग को बढ़ावा देने पर भी विशेष जोर दिया, ताकि भविष्य में जल संकट से बचा जा सके।

5379487