बिहार के मुजफ्फरपुर में बेखौफ अपराधियों ने गिट्टी-बालू व्यवसायी प्रभाकर सिंह को चार गोलियां मारकर मौत के घाट उतार दिया। अहियापुर के बाड़ाजगन्नाथ चौक पर हुई इस घटना से इलाके में तनाव है।

Muzaffarpur Crime News: मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना अंतर्गत बाड़ाजगन्नाथ चौक पर सोमवार दोपहर करीब सवा बजे इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया। मूल रूप से गायघाट के बेरुआ गांव के निवासी और वर्तमान में इंदिरा नर्सिंग होम के पास रहने वाले कारोबारी प्रभाकर सिंह अपनी बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार अपराधियों ने उनका पीछा किया और हनुमान मंदिर के पास उन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी।

चार गोलियां दागकर अपराधी हुए फरार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अपराधियों ने प्रभाकर सिंह पर चार गोलियां चलाईं, जिनमें से तीन उनके सीने और पीठ में लगीं। गोली लगते ही वह बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी बखरी की ओर तेजी से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में उन्हें बैरिया स्थित अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बड़े बकाए के विवाद में हत्या की आशंका
प्रारंभिक जांच में पुलिस इस हत्या के पीछे कारोबार से जुड़े बड़े बकाए के विवाद को मुख्य वजह मान रही है। पुलिस प्रभाकर सिंह के करीबी रिश्तेदारों और व्यावसायिक साझेदारों से जानकारी जुटा रही है। उनके मोबाइल फोन के कॉल रिकॉर्ड्स को भी खंगाला जा रहा है ताकि अंतिम समय में हुई बातचीत से हत्यारों का सुराग मिल सके।

CCTV फुटेज में दिखे संदिग्ध, पुलिस जांच में जुटी
एसएसपी कांतेश मिश्रा खुद इस मामले की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के दौरान एक फुटेज हाथ लगी है, जिसमें संदिग्ध अपराधी प्रभाकर सिंह का पीछा करते नजर आ रहे हैं। सिटी एसपी के नेतृत्व में पुलिस की विशेष टीमें गरहा और बखरी इलाकों में ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही हैं।

इलाके में तनाव
दिनदहाड़े हुई इस हत्या से स्थानीय लोगों में जबरदस्त आक्रोश है। स्थिति को देखते हुए अहियापुर और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। एसएसपी ने दावा किया है कि अपराधियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए SKMCH भेज दिया गया है।