बिहार के औरंगाबाद में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने अपने ही 3 भतीजे-भतीजियों की गला काटकर हत्या कर दी और खुदकुशी की कोशिश की। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Aurangabad Triple Murder: बिहार के औरंगाबाद जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। हसपुरा थाना क्षेत्र के खुटहन गांव में शुक्रवार को एक युवक ने अपनी ही भतीजे-भतीजियों की बेरहमी से हत्या कर दी। इस ट्रिपल मर्डर से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक ने 10 वर्षीय अनीश कुमार, 7 वर्षीय आयुष कुमार और 5 वर्षीय अनुष्का कुमारी का धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद उसने खुद की भी जान लेने की कोशिश की और अपना गला रेत लिया।

घटना की सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। घायल आरोपी को पहले हसपुरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है।

बताया जा रहा है कि मृत बच्चों के पिता मुंबई में काम करते हैं, जबकि आरोपी युवक हाल ही में घर लौटा था। घटना के समय बच्चों की मां रामनवमी पूजा के लिए मंदिर गई हुई थी। वापस लौटने पर घर का दरवाजा अंदर से बंद मिला। शक होने पर स्थानीय लोगों की मदद से रोशनदान के जरिए घर के अंदर प्रवेश किया गया, जहां तीनों बच्चे मृत अवस्था में मिले।

प्राथमिक जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी अपनी भाभी और मां के बीच चल रहे विवाद से नाराज था। हालांकि, हत्या के पीछे की असली वजह का अभी खुलासा नहीं हो सका है।

पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार को बरामद कर लिया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।