Logo
srh vs mi: आईपीएल 2025 का 33 वां मुकाबला मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया। मुंबई ने हैदराबाद को 4 विकेट हरा दिया। दोनों टीमों ने पिछला मैच जीता था।

srh vs mi: इंडियन प्रीमियर लीग (ipl) 2025 के 33वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस (mi) ने गुरुवार को वानखेड़े स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद (srh) को 4 विकेट से पटखनी दी। इस जीत के हीरो विल जैक्स रहे। उन्होंने ऑलराउंडर प्रदर्शन किया। जैक्स ने गेंद और बल्ले दोनों से अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 2 महत्वपूर्ण विकेट लेने के साथ-साथ 26 गेंदों पर 36 रनों की अहम पारी भी खेली।

इससे पहले मुंबई ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट पर 162 रन बनाए। पारी की शुरुआत में ही अभिषेक शर्मा को जीवनदान मिला, जब विल जैक्स उनका कैच छोड़ दिया। इस मौके का फायदा उठाते हुए अभिषेक ने 28 गेंदों पर 7 चौकों की मदद से 40 रनों की तेजतर्रार पारी खेली। ट्रेविस हेड और अभिषेक ने पहले विकेट के लिए 59 रनों की साझेदारी की।

मैच का टर्निंग पॉइंट 
मुंबई को पहली सफलता हार्दिक पंड्या ने दिलाई, जिन्होंने अभिषेक को पवेलियन भेजा। इसके बाद हार्दिक ने सेंटनेर की जगह विल जैक्स को गेंद सौंप दी। जैक्स कप्तान की उम्मीदों पर खरे उतरे। उन्होंने  पहले ईशान किशन (2) और फिर ट्रेविस हेड (28) को आउट कर एसआरएच की रन गति पर ब्रेक लगाया। यही मैच का टर्निंग पॉइंट रहा। नीतीश रेड्डी 19 रन बनाकर ट्रेंट बोल्ट का शिकार बने। अंतिम ओवरों में हेनरिक क्लासेन ने 28 गेंदों में 3 चौके और 2 छक्कों की मदद से 37 रन बनाए। क्लासेन के आउट होने के बाद अनिकेत वर्मा (18*) और पैट कमिंस (8*) ने टीम को 160 पार पहुंचाया। मुंबई के लिए जैक्स ने दो विकेट, जबकि पंड्या, बुमराह और बोल्ट ने एक-एक विकेट मिला।

मुंबई की शुरुआत शानदार 
जवाब में मुंबई इंडियंस ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 18.1 ओवर में 6 विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। टीम की शुरुआत तेज रही, जहां रोहित शर्मा और रयान रिकेल्टन ने पहले 3.5 ओवर में 32 रन जोड़ दिए। रोहित ने 16 गेंदों में 26 रन बनाए, जिसमें 3 छक्के शामिल थे। रिकेल्टन ने भी 23 गेंदों में 5 चौकों की मदद से 31 रन बनाए।

जैक्स-सूर्या की अर्धशतकीय साझेदारी 
इसके बाद जैक्स और सूर्यकुमार यादव ने तीसरे विकेट के लिए 52 रनों की साझेदारी की। सूर्यकुमार ने 15 गेंदों में 26 रन बनाए, जबकि जैक्स ने 3 चौके और 2 छक्के लगाते हुए 36 रन बनाए। अंत में हार्दिक पंड्या (21) और तिलक वर्मा (नाबाद 17) ने टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया। आखिरी पलों में नमन धीर बिना खाता खोले आउट हो गए, लेकिन तिलक ने 19वें ओवर की पहली गेंद पर जीत का चौका जड़ दिया।

एसआरएच की ओर से पैट कमिंस ने 3 विकेट, ईशान मलिंगा ने 2 और हर्षल पटेल ने 1 विकेट लिया। यह जीत मुंबई इंडियंस की इस सीजन में सात मैचों में तीसरी जीत रही।

SRH और MI: head to head
SRH और MI के बीच अब तक आईपीएल में कुल 23 मुकाबले खेले गए हैं। इसमें से 13 में मुंबई और 10 में हैदराबाद ने जीत हासिल की है। हालांकि, वानखेड़े स्टेडियम में जब भी ये दोनों टीमें आमने-सामने हुईं हैं तो मुंबई इंडियंस का पलड़ा भारी रहा है। मुंबई ने 8 में से 6 मैच जीते हैं। SRH ने वानखेड़े में 13 मुक़ाबले खेले हैं, जिसमें 11 में टीम को हार मिली है। इस मैदान पर टीम का विनिंग पर्सेंटेज सिर्फ 15 है, जो आईपीएल टीमों में सबसे कम है। 

srh vs mi: प्लेइंग-11

  • मुंबई इंडियंस: रयान रिकेलटन (विकेटकीपर), विल जैक्स, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), नमन धीर, मिशेल सेंटनर, दीपक चाहर, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रित बुमरा, कर्ण शर्मा। 
  • सनराइजर्स हैदराबाद: प्लेइंग ट्रैविस हेड, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, नितीश कुमार रेड्डी, हेनरिक क्लासेन (विकेटकीपर), अनिकेत वर्मा, पैट कमिंस (कप्तान), हर्षल पटेल, जीशान अंसारी, मोहम्मद शमी, ईशान मलिंगा। 
5379487