बेंगलुरु. आईपीएल 2026 शुरू होने से ठीक पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को बड़ा झटका लगा। श्रीलंका के तेज गेंदबाज नुवान तुषारा फिटनेस टेस्ट में फेल हो गए, जिसके चलते उन्हें टूर्नामेंट में खेलने के लिए जरूरी नो-ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) नहीं मिला है। इससे उनकी शुरुआती मैचों में उपलब्धता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
श्रीलंका क्रिकेट (SLC) के सीईओ एश्ले डी सिल्वा ने इसकी पुष्टि की है। उनके मुताबिक, तुषारा फिटनेस टेस्ट में तय 29 अंकों में से सिर्फ 17 अंक हासिल करने में नाकाम रहे। यह टेस्ट पांच अलग-अलग पैरामीटर पर आधारित होता है और इसे पास करना खिलाड़ियों के लिए अनिवार्य है।
नुवान तुषारा फिटनेस टेस्ट में फेल
इसका सीधा असर RCB के अभियान पर पड़ेगा। तुषारा अब कम से कम टीम के पहले मैच में नहीं खेल पाएंगे, जहां बेंगलुरु का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से होना है। इसके अलावा 5 अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ दूसरे मुकाबले में भी उनका खेलना मुश्किल माना जा रहा।
हालांकि तुषारा के लिए राहत की बात यह है कि उन्हें दोबारा फिटनेस टेस्ट देने का मौका मिलेगा, लेकिन इसके लिए उन्हें 4-5 दिन का इंतजार करना होगा। अगर वह अगली बार भी टेस्ट पास नहीं कर पाते हैं, तो आने वाले समय में उनके लिए किसी भी प्रतिनिधि क्रिकेट में खेलना मुश्किल हो सकता है।
यश दयाल पहले ही बाहर हो चुके
RCB के लिए यह झटका और बड़ा इसलिए है क्योंकि टीम पहले ही अपने गेंदबाज यश दयाल को खो चुकी है, जबकि ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड की उपलब्धता को लेकर भी तस्वीर साफ नहीं।
वहीं, श्रीलंका के अन्य खिलाड़ी भी फिटनेस और चोट की समस्या से जूझ रहे हैं। मथीशा पथिराना और वानिंदु हसारंगा अभी तक फिटनेस टेस्ट नहीं दे पाए। पथिराना, जिन्हें कोलकाता नाइट राइडर्स ने 18 करोड़ रुपये में खरीदा है, शुरुआती मैचों से बाहर रह सकते और उनके अप्रैल के मध्य तक टीम से जुड़ने की संभावना है। वह फिलहाल चोट से उबर रहे।
दूसरी ओर, हसरंगा, जो लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा हैं, हैमस्ट्रिंग इंजरी के कारण परेशान हैं और उन्होंने भी अभी तक फिटनेस टेस्ट नहीं दिया है।
कुल मिलाकर, आईपीएल 2026 से पहले खिलाड़ियों की फिटनेस टीमों के लिए बड़ी चिंता बनती जा रही। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए तुषारा की गैरमौजूदगी शुरुआती मुकाबलों में रणनीति पर असर डाल सकती है।










