मुंबई. आईपीएल 2026 की शुरुआत में 5 बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस एक बार फिर अपने पहले मैच के तिलिस्म को तोड़ने के इरादे से मैदान में उतरेगी। वानखेड़े स्टेडियम में उनका मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स से है, लेकिन दोनों टीमों के लिए यह मुकाबला आसान नहीं दिख रहा। खासकर कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए, जिनके सामने प्लेइंग इलेवन को लेकर कई सवाल खड़े।
कोलकाता नाइट राइडर्स ने ऑक्शन में सबसे बड़ा पर्स (64.30 करोड़ रुपये) लेकर टीम बनाई थी, लेकिन टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले ही उनकी तेज गेंदबाजी इकाई बिखर गई। मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज करना पड़ा और आकाश दीप चोट के कारण बाहर हैं जबकि मथीशा पथिराना फिटनेस से जूझ रहे। इसके अलावा हर्षित राणा भी घुटने की चोट से बाहर हो चुके हैं। ऐसे में टीम को अपने कॉम्बिनेशन को लेकर काफी सोच-विचार करना होगा।
केकेआर के लिए बैटिंग ऑर्डर सिरदर्द
बैटिंग ऑर्डर भी केकेआर के लिए सिरदर्द बना हुआ। क्या फिन एलेन या टिम सिफर्ट ओपनिंग करेंगे? अजिंक्य रहाणे किस नंबर पर खेलेंगे? और कैमरन ग्रीन को मिडिल ऑर्डर में रखा जाए या फिनिशर की भूमिका दी जाए- ये सभी फैसले टीम के प्रदर्शन पर असर डालेंगे। हालांकि केकेआर के पास वानखेड़े में मुंबई इंडियंस के खिलाफ ज्यादा अच्छा रिकॉर्ड नहीं है, लेकिन वे 2024 की जीत से आत्मविश्वास जरूर ले सकते।
मुंबई इंडियंस के सामने भी चुनौतियां
दूसरी ओर मुंबई इंडियंस के लिए भी चुनौतियां कम नहीं हैं। टीम को विल जैक्स और मिचेल सैंटनर की सेवाएं इस मैच में नहीं मिलेंगी। हालांकि शेरफेन रदरफोर्ड और एएम गजनफर जैसे विकल्प टीम को मजबूती दे सकते। सबसे बड़ी राहत की खबर यह है कि जसप्रीत बुमराह टीम के साथ जुड़ चुके हैं और इस मुकाबले में खेलने के लिए उपलब्ध रहेंगे।
संभावित प्लेइंग इलेवन की बात करें तो मुंबई के लिए रोहित शर्मा, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव और कप्तान हार्दिक पंड्या अहम भूमिका निभाएंगे। वहीं, गेंदबाजी में ट्रेंट बोल्ट, दीपक चाहर और बुमराह की तिकड़ी विपक्षी बल्लेबाजों के लिए चुनौती होगी। गजनफर अपना आईपीएल डेब्यू कर सकते और स्पिन विभाग संभालेंगे।
केकेआर के लिए अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में फिन एलेन, रिंकू सिंह और सुनील नरेन जैसे खिलाड़ी अहम होंगे। वरुण चक्रवर्ती पर भी निगाहें रहेंगी, जो हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप में शानदार शुरुआत के बाद फॉर्म से जूझते नजर आए थे।
पिच का मिजाज कैसा रहेगा?
वानखेड़े की पिच हमेशा बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है और यहां टॉस का ज्यादा असर नहीं पड़ता। आंकड़े बताते हैं कि यहां 200 के आसपास का स्कोर सुरक्षित माना जाता है। मौसम गर्म और उमस भरा रहेगा, जिससे ओस का असर कम रहने की संभावना है।
कुल मिलाकर, जहां मुंबई अपनी खराब शुरुआत की परंपरा तोड़ना चाहेगी, वहीं केकेआर संतुलित टीम के साथ मैदान में उतरने की चुनौती से जूझ रही है। यह मुकाबला सीजन की रोमांचक शुरुआत का संकेत दे सकता है।