Logo
MI vs LSG: लखनऊ सुपरजाइंट्स ने इशारा दिया कि मयंक यादव मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैदान पर उतर सकते हैं।

MI vs LSG: लखनऊ सुपरजाइंट्स (LSG) ने मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ रविवार को वानखेड़े स्टेडियम में होने वाले मुकाबले से पहले एक बड़ा इशारा किया है। टीम ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है जिसमें तेज गेंदबाज मयंक यादव को लखनऊ की जर्सी में देखा जा सकता है। वीडियो के कैप्शन में लिखा था, 'कल दिखेगा ताबड़तोड़ अंदाज़', जिससे साफ हो गया कि मयंक की वापसी पक्की हो गई है।

मयंक यादव अक्टूबर 2024 में बांग्लादेश के खिलाफ टी20 सीरीज के बाद से किसी भी फॉर्मेट में नहीं खेले हैं। पीठ और पैर की चोट से जूझने के बाद अब वे पूरी तरह फिट हो चुके हैं और राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 19 अप्रैल को खेले गए मुकाबले से पहले टीम के साथ वापस जुड़ गए थे।

हालांकि दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 22 अप्रैल को हुए मैच में मयंक को 'इम्पैक्ट प्लेयर' विकल्प के रूप में रखा गया था, लेकिन अंतिम समय में टीम ने मयंक की बजाय बल्लेबाज आयुष बडोनी को मैदान पर उतारा। अब देखना दिलचस्प होगा कि मयंक को मुंबई के खिलाफ मौका मिलता है या नहीं।

पिछले सीजन में मयंक का तूफानी प्रदर्शन
आईपीएल 2024 में मयंक ने अपनी रफ्तार से सभी को चौंका दिया था। खासतौर पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ उन्होंने 156.7 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंकी थी। पंजाब किंग्स और आरसीबी के खिलाफ बैक-टू-बैक 'प्लेयर ऑफ द मैच' अवॉर्ड भी जीते थे। हालांकि चोट के चलते उनका पिछला सीजन महज तीन मैचों में ही खत्म हो गया था, जिसमें उन्होंने 7 विकेट चटकाए थे और शानदार 6.98 की इकॉनमी से गेंदबाजी की थी।

LSG की प्लेऑफ उम्मीदें
फिलहाल लखनऊ सुपरजाइंट्स 9 में से 5 मैच जीतकर अंक तालिका में छठे स्थान पर है। नेट रन रेट -0.054 है और टीम को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए हर मुकाबला अब बेहद अहम हो गया है। दिल्ली से करारी हार के बाद एलएसजी अब मुंबई को हराकर वापसी करना चाहेगी। अगर मयंक यादव की वापसी होती है तो यह एलएसजी के लिए तगड़ा बूस्ट साबित हो सकता है।

5379487