Logo
ICC T20 World cup player of the Tournament: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ के लिए आईसीसी ने 8 खिलाड़ियों को नामांकित किया। भारत से सिर्फ संजू सैमसन को इस सूची में जगह मिली है।

ICC T20 World cup player of the Tournament: टी20 वर्ल्ड कप 2026 अपने रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका और इसी बीच शुक्रवार 6 मार्च को आईसीसी ने टूर्नामेंट के सबसे बड़े व्यक्तिगत सम्मान ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ के लिए 8 खिलाड़ियों के नाम घोषित कर दिए। इस सूची में भारत से सिर्फ एक खिलाड़ी को जगह मिली है और वह हैं विकेटकीपर बैटर संजू सैमसन। 

सैमसन के लिए यह टूर्नामेंट किसी रोलर-कोस्टर से कम नहीं रहा। शुरुआती मुकाबलों में वह प्लेइंग इलेवन से बाहर थे, लेकिन बाद में टीम मैनेजमेंट ने रणनीति में बदलाव किया और केरल के इस बल्लेबाज को दोबारा मौका दिया। इसके बाद सैमसन ने मौका पूरी तरह भुनाया और लगातार शानदार पारियां खेलकर टीम इंडिया को मजबूती दी।

जिम्बाब्वे के खिलाफ सुपर-8 मुकाबले में उन्होंने तेज 24 रन बनाकर लय दिखाई। इसके बाद कोलकाता में वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत के लिए बेहद अहम मुकाबले में उन्होंने नाबाद 97 रन की बेहतरीन पारी खेली। यही नहीं, इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में भी सैमसन ने 89 रन की अहम पारी खेली, जिसकी बदौलत भारत ने पहली पारी में 253 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। उनकी इन लगातार प्रभावी पारियों की वजह से ही उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ के लिए नामांकन मिला है।

गौरतलब है कि इससे पहले भारत की ओर से यह सम्मान विराट कोहली ने 2014 और 2016 में जीता था। अगर सैमसन यह अवॉर्ड जीतते हैं तो वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले दूसरे भारतीय खिलाड़ी बन जाएंगे।

आईसीसी द्वारा जारी सूची में सैमसन के अलावा सात अन्य खिलाड़ी भी शामिल हैं। इनमें इंग्लैंड के विल जैक्स, पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान, दक्षिण अफ्रीका के लुंगी एनगिडी और एडेन मार्करम, न्यूजीलैंड के रचिन रवींद्र और टिम साइफर्ट के साथ अमेरिका के वैन शैलविक का नाम शामिल है।

इस सूची में सबसे चौंकाने वाला नाम अमेरिका के शाल्कवाइक का है। उनकी टीम ग्रुप चरण से ही बाहर हो गई थी, लेकिन 37 साल के इस गेंदबाज ने चार मैचों में 13 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया। वह अभी भी टूर्नामेंट के संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों में शामिल हैं।

वहीं पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान अब तक 383 रन बनाकर टूर्नामेंट के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं, हालांकि उनकी टीम सेमीफाइनल तक नहीं पहुंच सकी। भारत के लिए इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन ईशान ने बनाए हैं, जिन्होंने आठ मैचों में 263 रन जोड़े हैं।

न्यूजीलैंड के टिम सिफर्ट और रचिन रविंद्र अभी फाइनल खेलने जा रहे हैं, ऐसे में उनके पास अपने आंकड़े बेहतर करने और इस प्रतिष्ठित पुरस्कार की दौड़ में मजबूत दावा पेश करने का मौका रहेगा।

5379487