IND vs SA Super 8: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर-8 स्टेज से पहले टीम इंडिया के कैंप में माहौल हल्का-फुल्का और जोश से भरा हुआ नजर आ रहा। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाले मुकाबले से पहले टीम के ओपनर अभिषेक शर्मा ने ऐसा पेप टॉक दिया कि ड्रेसिंग रूम में हंसी भी गूंजी और जोश भी दिखा। यहां तक कि हेड कोच गौतम गंभीर और कप्तान सूर्यकुमार यादव भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए।
टीम इंडिया लगातार जीत के साथ टूर्नामेंट में आगे बढ़ रही और इसी वजह से कैंप में पॉजिटिव माहौल साफ नजर आ रहा। ट्रेनिंग सेशन के पहले दिन अभिषेक शर्मा ने टीम हडल में साथियों को मोटिवेट करने की जिम्मेदारी खुद ले ली।
भाषण से पहले अभिषेक ने कहा, 'बस लड़कों को मोटिवेट करना है, मोमेंटम बनाए रखना है। उम्मीद है कि इससे मदद मिलेगी।' इसके बाद उन्होंने टीम के बीच जाकर सभी खिलाड़ियों को एकजुट रहने और अच्छा खेल जारी रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि टीम जिस ऊर्जा के साथ खेल रही, वही उन्हें आगे भी जीत दिला सकती है। भाषण खत्म करते हुए अभिषेक ने जोर से नारा लगाया-'जो बोले सो निहाल…सत श्री अकाल।'
अभिषेक शर्मा ने भरी टीम में जान
जैसे ही पूरी टीम ने यह नारा दोहराया, माहौल हल्का हो गया और गौतम गंभीर व सूर्यकुमार यादव हंस पड़े। टीम के कई खिलाड़ियों के चेहरे पर मुस्कान थी, जो बताती है कि टूर्नामेंट के अहम दौर से पहले टीम दबाव में नहीं बल्कि आत्मविश्वास से भरी हुई है।
अभिषेक अबतक खाता नहीं खोल पाए
दिलचस्प बात यह है कि अभिषेक शर्मा का खुद का टूर्नामेंट अब तक खास नहीं रहा है। वर्ल्ड नंबर-1 टी20 बल्लेबाज होने के बावजूद वह इस वर्ल्ड कप में लगातार तीन मैचों में शून्य पर आउट हो चुके हैं। कुल मिलाकर उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में अभी तक सिर्फ आठ गेंदों का सामना किया है।
नीदरलैंड्स के खिलाफ मैच में उन्होंने किस्मत बदलने के लिए मोहम्मद सिराज की जर्सी पहनकर बल्लेबाजी करने की कोशिश भी की थी, लेकिन वह भी काम नहीं आई और पहली ही ओवर में स्पिनर आर्यन दत्त ने उन्हें बोल्ड कर दिया।
इससे पहले वह नामीबिया के खिलाफ मैच भी नहीं खेल पाए थे। मैच से एक दिन पहले उन्हें पेट में संक्रमण हो गया था और अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था। टीम मैनेजमेंट ने जोखिम न लेते हुए उन्हें उस मुकाबले से बाहर रखा।
यह भी पढ़ें: सालगिरह से पहले भारतीय क्रिकेटर का तलाक, 22 साल की उम्र में की थी शादी
यह भी पढ़ें: सुपर-8 से पहले न्यूजीलैंड को बड़ी राहत, कप्तान मिचेल सैंटनर फिट; तूफानी गेंदबाज पर सस्पेंस
T20 World Cup 2026: सुपर-8 सीडिंग पर बवाल, ग्रुप-1 में भारत समेत चारों ग्रुप टॉपर; फैंस ने निष्पक्षता पर उठाए सवाल
अब सुपर-8 में टीम इंडिया का पहला मुकाबला साउथ अफ्रीका से रविवार, 22 फरवरी को अहमदाबाद में होगा। भारत ग्रुप-1 में साउथ अफ्रीका, वेस्ट इंडीज और जिम्बाब्वे के साथ है। टीम का लक्ष्य जीत की लय बनाए रखते हुए सेमीफाइनल की तरफ कदम बढ़ाना होगा। फिलहाल टीम के ड्रेसिंग रूम में दिख रहा माहौल बता रहा है कि खिलाड़ी दबाव नहीं, बल्कि मजे के साथ क्रिकेट खेल रहे हैं।








