india vs zimbabwe: पूर्व कोच रवि शास्त्री ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के अहम मुकाबले से पहले टीम इंडिया को बड़ी सलाह दी। उनका कहना है कि भारत को जिम्बाब्वे के खिलाफ सुपर-8 के करो या मरो वाले मुकाबले में अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर दोनों को एक साथ खिलाना चाहिए। भारत का सामना 26 फरवरी को जिम्बाब्वे से चेन्नई में होगा। भारत के सेमीफाइनल की रेस में बने रहने के लिए ये मुकाबला बेहद अहम है।
दक्षिण अफ्रीका से हार के बाद दबाव
भारत को पिछले मैच में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 76 रन से हार मिली थी। इस हार के साथ ही पिछले दो टी20 वर्ल्ड कप में चला आ रहा भारत का 12 मैचों का जीत का सिलसिला भी टूट गया। अब जिम्बाब्वे और फिर वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच टीम के लिए बेहद अहम हो गए हैं।
अक्षर को बाहर बैठाने पर उठे सवाल
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच में टीम मैनेजमेंट ने उपकप्तान अक्षर पटेल को बाहर बैठाकर वॉशिंगटन सुंदर को मौका दिया था। इस फैसले की काफी आलोचना हुई। सुंदर ने उस मैच में सिर्फ दो ओवर गेंदबाजी की, 17 रन दिए और बल्लेबाजी में 11 रन बनाए।
रणनीति उलटी पड़ गई
कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस के समय बताया था कि सुंदर को टीम में शामिल करना एक रणनीतिक फैसला था। दक्षिण अफ्रीका की टॉप ऑर्डर में तीन बाएं हाथ के बल्लेबाज थे, इसलिए ऑफ स्पिनर सुंदर को चुना गया ताकि गेंद उनसे दूर जाए। हालांकि मैदान पर यह रणनीति काम नहीं आई। साथ ही वरुण चक्रवर्ती भी अपने रंग में नहीं दिखे, जिससे भारत की गेंदबाजी कमजोर पड़ गई।
दोनों स्पिनरों को खिलाने की सलाह
रवि शास्त्री का मानना है कि भारत को दोनों ऑलराउंडर खिलाने चाहिए। उनका कहना है कि अगर किसी दिन कोई गेंदबाज खराब दिन झेलता है, तो टीम के पास दूसरा विकल्प होना जरूरी है। शास्त्री ने एक संभावित बैटिंग ऑर्डर भी सुझाया। उनके मुताबिक नंबर-5 पर हार्दिक पंड्या, नंबर-6 पर शिवम दुबे, नंबर-7 पर सुंदर और अक्षऱ पटेल को नंबर-8 या जरूरत पड़ने पर ऊपर भेजा जा सकता है।
रिंकू की गैरमौजूदगी से खुल सकता रास्ता
टीम चयन पर एक और असर रिंकू सिंह की गैरमौजूदगी का है। पारिवारिक कारणों से वह जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच के लिए उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में उनकी जगह अक्षर को सीधे टीम में शामिल किया जा सकता है, जिससे टीम को एक अतिरिक्त गेंदबाजी विकल्प मिल जाएगा।
भारत को अब जल्दी वापसी करनी होगी। जिम्बाब्वे के बाद टीम का सामना रविवार को कोलकाता में वेस्टइंडीज से होगा, जहां सुपर-8 का आखिरी मुकाबला खेला जाएगा। खिताब बचाने की उम्मीद बनाए रखने के लिए टीम मैनेजमेंट को अब सही संयोजन चुनना ही होगा।









