ind playing 11 vs eng: भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मार्च को टी20 विश्व कप 2026 का सेमीफाइनल मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मुकाबले में भारत किस प्लेइंग-11 के साथ उतर सकता।

india playing 11 vs england: वेस्टइंडीज के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी कर टीम इंडिया ने 2026 टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है। अब सूर्यकुमार यादव की अगुआई वाली टीम खिताब बचाने से सिर्फ दो कदम दूर है। पहला और सबसे बड़ा इम्तिहान है इंग्लैंड।

इंग्लैंड की टीम पूरे लय में है। हैरी ब्रूक की कप्तानी में उन्होंने सुपर 8 के तीनों मैच जीते- पाकिस्तान और श्रीलंका के खिलाफ करीबी मुकाबले भी अपने नाम किए। यह लगातार तीसरा टी20 वर्ल्ड कप है जब भारत और इंग्लैंड सेमीफाइनल में भिड़ रहे। पिछली बार जब ये दोनों टीमें इस टूर्नामेंट में टकराई थीं, तब कप्तान रोहित शर्मा थे और भारत ने बड़ी जीत के साथ फाइनल का टिकट कटाया था।

हालांकि इस बार कहानी थोड़ी अलग है। भारत ने पहले दौर के चारों मैच जीते, लेकिन खेल में धार नहीं दिखी। पाकिस्तान पर जीत जरूर मिली, पर अहमदाबाद में दक्षिण अफ्रीका ने 76 रन से हराकर टीम को हकीकत दिखा दी। उसके बाद भारत ने वापसी की और बाकी दो मैच जीतकर पटरी पर लौटा।

क्या अभिषेक शर्मा सेमीफाइनल खेलेंगे?
फिर भी चिंता के मुद्दे कम नहीं हैं। टी20I के नंबर-1 बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का बल्ला इस विश्व कप में खामोश है। 6 पारियों में सिर्फ 80 रन, जिनमें तीन बार शून्य। जिम्बाब्वे के खिलाफ अर्धशतक से लगा कि फॉर्म लौट आई है, लेकिन वेस्टइंडीज के खिलाफ सिर्फ 10 रन बनाकर आउट हो गए। ओपनर के तौर पर ऐसे आंकड़े टीम मैनेजमेंट को सोचने पर मजबूर कर सकते हैं- क्या बड़ा फैसला लेकर उन्हें बाहर बैठाया जाए?

ईशान किशन ओपनिंग कर सकते?
टीम पहले ही बैटिंग ऑर्डर में बदलाव कर चुकी है। ईशान किशन को नंबर-3 पर भेजा गया और संजू सैमसन को फिर से ओपनिंग दी गई और तिलक वर्मा को नीचे खिसकाया गया। ऐसे में फिर से छेड़छाड़ की संभावना कम दिखती है, खासकर इसलिए क्योंकि फरवरी 2025 में वानखेड़े में अभिषेक ने इंग्लैंड के खिलाफ ही पुरुष टी20I में किसी भारतीय का सबसे बड़ा स्कोर बनाया था। क्या गुरुवार को वही जादू दोहरा पाएंगे?

गेंदबाजी भी सवालों के घेरे में है। नीदरलैंड्स के खिलाफ 176, जिम्बाब्वे के खिलाफ 184 और वेस्टइंडीज के खिलाफ 195 रन लुटाना चिंता बढ़ाता है। क्या कुलदीप की वापसी होगी? लेकिन फिर किसे बाहर किया जाए? जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती (टूर्नामेंट में भारत के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले) और अर्शदीप सिंह तो तय हैं। अक्षर पटेल को बाहर करना बल्लेबाजी को कमजोर कर सकता है।

सेमीफाइनल मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। नॉकआउट मुकाबले में छोटी-सी गलती भी भारी पड़ सकती है-चाहे वो कैच छोड़ना हो या छठे गेंदबाज की कमी। फिलहाल संकेत यही हैं कि भारत अपनी जीत वाली प्लेइंग XI के साथ ही उतरेगा।

भारत की संभावित प्लेइंग-11: संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह।