Logo

IND vs WI: संजू का धमाका, भारत सेमीफाइनल में; वेस्टइंडीज को 5 विकेट से रौंदा, 5 मार्च को टीम इंडिया वसूलेगी लगान

IND vs WI: संजू का धमाका, भारत सेमीफाइनल में; वेस्टइंडीज को 5 विकेट से रौंदा, 5 मार्च को टीम इंडिया वसूलेगी लगान

ICC T20 विश्व कप 2026 में टीम इंडिया ने सुपर-8 के निर्णायक मुकाबले में वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराकर सेमीफाइनल का टिकट हासिल कर लिया। कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए मैच में भारत ने 196 रन का लक्ष्य 19.2 ओवर में चेज कर लिया।  यह टी20 विश्व कप इतिहास में भारत का सबसे बड़ा रन चेज भी है। इससे पहले टीम इंडिया ने 173 रन चेज किया था। 

संजू का धमाका, 97* रन की मैच जिताऊ पारी
196 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत खराब रही। अभिषेक शर्मा और ईशान किशन 10-10 रन बनाकर आउट हो गए। 41 रन पर 2 विकेट गिरने के बाद संजू सैमसन ने कप्तान सूर्यकुमार यादव के साथ मिलकर पारी संभाली। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 58 रन जोड़े।

सूर्या 18 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन संजू एक छोर पर डटे रहे। उन्होंने 12 चौके और 4 छक्कों की मदद से 97 रन की नाबाद पारी खेली। तिलक वर्मा (27) और हार्दिक पांड्या (17) ने उपयोगी योगदान दिया। अंत में शिवम दुबे 8 रन बनाकर नाबाद रहे। संजू को प्लेयर ऑफ़ द मैच चुना गया। 

वेस्टइंडीज की मजबूत शुरुआत बेअसर
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में 195/4 बनाए। रोस्टन चेज (40), रोवमैन पॉवेल (नाबाद 34) और जेसन होल्डर (37) ने अहम पारियां खेलीं। होल्डर-पॉवेल ने आखिरी के 5 ओवरों में 76 रन की अटूट साझेदारी कर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 2 विकेट झटके। वरुण चक्रवर्ती और हार्दिक पांड्या को भी एक-एक सफलता मिली।

वेस्टइंडीज बाहर, भारत आगे
इस जीत के साथ भारत सेमीफाइनल में पहुंच गया, जबकि वेस्टइंडीज का टूर्नामेंट में सफर समाप्त हो गया। संजू सैमसन की यह पारी लंबे समय तक याद रखी जाएगी। दबाव में खेली गई यह इनिंग टीम इंडिया के लिए ऐतिहासिक साबित हुई।

5 मार्च को भारत बनाम इंग्लैंड (दूसरा सेमीफाइनल)
भारत की जीत के साथ T20 विश्व कप 2026 को सेमीफाइनल के लिए चार टीमें तय हो गई हैं। पहला सेमीफाइनल साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच 4 मार्च (बुधवार) को कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान पर होगा। जबकि टीम इंडिया 5 मार्च (गुरुवार) को इंग्लैंड से लगान वसूलने के लिए मैदान में उतरेगी। यह मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों सेमीफाइनल जीतने वाली टीमें 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खिताब के लिए आमने-सामने होंगी।

22:56 PM(4 hours ago )

IND vs WI Super-8 Live Update: संजू का धमाका, भारत सेमीफाइनल में; वेस्टइंडीज को 5 विकेट से रौंदा

Posted by: Dilip Chaturvedi

22:18 PM(4 hours ago )

IND vs WI Super-8 Live Update: संजू की पहली T20 WC फिफ्टी; सूर्या 18 रन पर आउट

Posted by: Dilip Chaturvedi

भारत ने 14 ओवर में 3 विकेट पर 136 रन बना लिए हैं। Sanju Samson ने शानदार अर्धशतक जमाते हुए टी-20 विश्व कप में अपनी पहली फिफ्टी पूरी की है। वे तिलक वर्मा के साथ क्रीज पर डटे हैं।

भारत ने पावरप्ले में 53 रन बनाए, लेकिन अभिषेक शर्मा और ईशान किशन जल्दी आउट हो गए। कप्तान Suryakumar Yadav 16 गेंद पर 18 रन बनाकर पवेलियन लौटे, हालांकि उन्होंने संजू के साथ 35 गेंद में 58 रन की अहम साझेदारी की।

भारत को अब जीत के लिए 36 गेंदों में 60 रन की जरूरत है।

20:56 PM(6 hours ago )

IND vs WI Super-8 Live Update: वेस्टइंडीज ने भारत को दिया 196 रन का टारगेट, अर्शदीप का 24 रन का ओवर

Posted by: Dilip Chaturvedi

वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए करो-मरो मैच में भारत के सामने 196 रन का लक्ष्य रखा है। गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने अपने तीसरे ओवर में  24 रन लुटाए। ये ओवर मैच का टर्निंग पॉइंट हो सकता है। 

20:22 PM(6 hours ago )

IND vs WI Super-8 Live Update: वेस्टइंडीज को चौथा झटका

Posted by: Dilip Chaturvedi

वेस्टइंडीज को 15वें ओवर में चौथा विकेट गिरा। हार्दिक पांड्या ने शेरफेन रदरफोर्ड को आउट किया।  स्कोर-119/4 (14.4)

20:11 PM(6 hours ago )

IND vs WI Super-8 Live Update: वेस्टइंडीज को लगातार लगे दो झटके

Posted by: Dilip Chaturvedi

वेस्टइंडीज को 12वें ओवर में लगातार 2 विकेट गिरे। जसप्रीत बुमराह ने अपने दूसरे ओवर में पहले इन-फॉर्म शिमरॉन हेटमायर  को आउट किया।  उसके बाद रोस्टन चेज़ को भी पवेलियन भेज दिया। 

19:47 PM(7 hours ago )

IND vs WI Super-8 Live Update: वेस्टइंडीज को लगा पहला झटका

Posted by: Dilip Chaturvedi

वेस्टइंडीज को आठवें ओवर में पहला विकेट गिरा। वरुण चक्रवर्ती ने शाई होप 32 रन पर बोल्ड कर दिया। 

18:58 PM(8 hours ago )

India vs West Indies Super 8 live Update: प्लेइंग XI

Posted by: Dilip Chaturvedi

वेस्टइंडीज: शाई होप (विकेटकीपर/कप्तान), रोस्टन चेज़, शिमरॉन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल, शेरफेन रदरफोर्ड, रोमारियो शेफर्ड, जेसन होल्डर, मैथ्यू फोर्ड, अकील होसेन, गुडाकेश मोती, शमर जोसेफ।

भारत: संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह।

5379487