UPSC CSE 2025 Result: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है। इस बार राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के रावतभाटा के अनुज अग्निहोत्री ने ऑल इंडिया रैंक-1 (AIR-1) हासिल कर पूरे देश में टॉप किया है।
UPSC द्वारा जारी परिणाम के अनुसार कुल 958 उम्मीदवारों को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय विदेश सेवा (IFS), भारतीय पुलिस सेवा (IPS) और केंद्र सरकार की विभिन्न ग्रुप ‘A’ और ग्रुप ‘B’ सेवाओं के लिए चयनित किया गया है।
पिछले वर्ष यूपीएससी परीक्षा में प्रयागराज की शक्ति दुबे ने टॉप किया था, जबकि इस साल यह उपलब्धि राजस्थान के अनुज अग्निहोत्री ने हासिल की है।

AIIMS जोधपुर से MBBS करने के बाद शुरू की तैयारी
UPSC 2025 के टॉपर अनुज अग्निहोत्री ने AIIMS जोधपुर से 2023 में MBBS की पढ़ाई पूरी की है। मेडिकल शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने सिविल सेवा की तैयारी शुरू की। अनुज ने सीमित संसाधनों और मुख्य रूप से सेल्फ-स्टडी के जरिए तैयारी की और आखिरकार UPSC जैसी कठिन परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल की। उनके पिता के.बी. अग्निहोत्री राजस्थान न्यूक्लियर पावर प्लांट में वैज्ञानिक अधिकारी हैं, जबकि उनकी माता मंजू अग्निहोत्री गृहिणी हैं।
अगस्त 2025 में हुई थी मेन्स परीक्षा
UPSC की आधिकारिक जानकारी के अनुसार, मुख्य परीक्षा (Mains) अगस्त 2025 में आयोजित हुई थी। पर्सनैलिटी टेस्ट / इंटरव्यू दिसंबर 2025 से फरवरी 2026 के बीच आयोजित किए गए इंटरव्यू में 2736 उम्मीदवार शामिल हुए। अंतिम चयन के बाद 958 उम्मीदवारों को विभिन्न सेवाओं में नियुक्ति के लिए अनुशंसित किया गया है।
कुछ उम्मीदवारों का रिजल्ट प्रोविजनल
UPSC द्वारा जारी मेरिट लिस्ट में उम्मीदवारों के नाम और रोल नंबर शामिल हैं। आयोग ने बताया कि कुछ उम्मीदवारों की कैंडिडेचर प्रोविजनल रखी गई है। दो उम्मीदवारों का परिणाम कोर्ट केस के कारण रोका गया है।
रिक्तियों का विवरण

संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक उम्मीदवारों की नियुक्ति विभिन्न सेवाओं में उपलब्ध रिक्तियों के आधार पर की जाएगी। इस वर्ष केंद्र सरकार ने कुल 1087 पदों पर भर्ती की घोषणा की है। इनमें भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के लिए 180 पद, भारतीय विदेश सेवा (IFS) के लिए 55 पद और भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के लिए 150 पद निर्धारित किए गए हैं। शेष पदों पर नियुक्ति केंद्र सरकार की अन्य ग्रुप ‘A’ और ग्रुप ‘B’ सेवाओं में की जाएगी।
यहां देखें UPSC CSE 2025 का रिजल्ट
UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2025 का फाइनल रिजल्ट PDF फॉर्मेट में जारी किया गया है। उम्मीदवार इसे आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर देख सकते हैं।
आधिकारिक वेबसाइट
upsc.gov.in
upsconline.nic.in
ऐसे चेक करें UPSC Result 2025
- UPSC की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर जाएं
- होमपेज पर Examinations / Final Result सेक्शन पर क्लिक करें
- Civil Services Examination 2025 – Final Result लिंक खोलें
- PDF डाउनलोड करें
- Ctrl + F से अपना नाम या रोल नंबर सर्च करें
- अपनी रैंक और डिटेल्स वेरिफाई करें
- भविष्य के लिए PDF सेव या प्रिंट कर लें
PM मोदी ने सफल अभ्यर्थियों को दी बधाई
संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा 2025 के परिणाम घोषित होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सफल अभ्यर्थियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों की मेहनत, समर्पण और धैर्य ने उन्हें इस महत्वपूर्ण मुकाम तक पहुंचाया है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा कि सिविल सेवा परीक्षा पास करने वाले सभी अभ्यर्थियों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं। उन्होंने कहा कि देश की सेवा करने और लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने की दिशा में उनका यह सफर प्रेरणादायक है।
प्रधानमंत्री ने उन अभ्यर्थियों का भी हौसला बढ़ाया जिन्हें इस बार अपेक्षित सफलता नहीं मिल सकी। उन्होंने कहा कि असफलता जीवन की यात्रा का केवल एक पड़ाव है और आगे कई अवसर मिलेंगे। उन्होंने युवाओं से भविष्य के प्रयासों में भी पूरे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की अपील की।










