हरियाणा के पटौदी क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां तेज रफ्तार का कहर तीन जिंदगियों पर भारी पड़ गया।

हरियाणा के पटौदी क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां तेज रफ्तार का कहर तीन जिंदगियों पर भारी पड़ गया। खोड़ गांव में शनिवार देर रात एक थार गाड़ी ने सड़क पर पैदल जा रहे नाना और उनके दो मासूम नाती-पोतों को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

रात 11 बजे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, 53 वर्षीय सुभाष अपने नाती 8 साल के जायद खान और 6 साल के ईशांत के साथ अपने भाई के घर से लौट रहे थे। रात करीब 11 बजे तीनों पैदल अपने घर जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार से आ रही थार गाड़ी ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भयानक कि मौके पर ही मौत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों करीब 10 से 30 फीट दूर जा गिरे। गंभीर चोटों के कारण उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला और तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी
हादसे के बाद आरोपी चालक गाड़ी को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश जारी है।