Logo
सैफ अली खान और अमृता सिंह ने शादी के 13 साल बाद 2004 में तलाक ले लिया था। हर कोई इस रिश्ते और तलाक की खबरों से वाकिफ है। वहीं सैफ की मां व दिग्गज अभिनेत्री शर्मिला टैगोर ने अपने बेटे-बहू के टूटे रिश्ते पर 19 साल बाद चुप्पी तोड़ी है।

Sharmila Tagore on Saif-Amrita's split: 'कॉफी विद करण-8' (Koffee with Karan) का गुरुवार का एपिसोड काफी एंटरटेनिंग रहा क्योंकि इसमें पहली एक बार मां-बेटे की जोड़ी को काउच पर एकसाथ देखा गया। दिग्गज अभिनेत्री शर्मिला टैगोर (Sharmila Tagore) और उनके बेटे व अभिनेता सैफ अली खान (Saif Ali Khan) इस शो के आठवें सीज़न के 10वें एपिसोड में गेस्ट बनकर आए थे। इस दौरान शो में मां-बेटे ने अपनी ज़िंदगी के बारे में कुछ खुलासे किए। 

शो में शर्मिला ने बेटे सैफ के लव लाइफ के किस्से शेयर किए। इसके अलावा शर्मिला ने अपने बेटे सैफ अली खान और अमृता सिंह के रिश्ते और तलाक पर भी खुलकर बात की। शर्मिला ने बताया की कैसे सैफ और अमृता का रिश्ता टूटने पर उनके परिवार के लिए मुश्किल समय आ गया था और किस तरह से उन्हें इस दौर से गुज़रना पड़ा।

सैफ ने 12 साल बड़ी अमृता से की थी शादी
सैफ अली खान और अमृता सिंह की शादी खूब चर्चा में रही थी। दोनों ने साल 1991 में शादी की थी। सैफ उस वक्त खुद से 12 साल बड़ी अमृता के प्यार में दीवाने थे। दोनों ने फैमिली को बिना बताए सीक्रेट वेडिंग की थी। लेकिन ये शादी ज़्यादा समय तक नहीं टिक पाई। दोनों के बीच ये रिश्ता 13 साल तक चला और 2004 में इस कपल ने तलाक लेकर अलग होने का फैसला लिया। तो वहीं तलाक के वक्त सैफ-अमृता ने एक-दूसरे पर कई आरोप भी लगाए जिनकी खूब सुर्खिया बनीं। वहीं अब सैफ की मां शर्मिला टैगोर ने अपने बेटे की ज़िदगी के इस पल के बारे में खुलकर बात की है।

सैफ-अमृता के तलाक पर शर्मिला ने क्या कहा?
'कॉफी विद करण' के लेटेस्ट एपिसोड में शर्मिला ने बताया कि सैफ और अमृता का तलाक होना उनके पूरे परिवार के लिए सदमे से कम नहीं था। न केवल सैफ बल्कि उनके बच्चों सारा अली खान और इब्राहिम को भी अपने मां-बाप के टूटते रिश्ते का गम सहना पड़ा था।

शर्मिला ने कहा- "जब आप इतने लंबे वक्त तक एक-दूसरे के साथ होते हैं और आपके इतने प्यारे बच्चे होते हैं, तो किसी भी तरह का रिश्ता तोड़ना आसान नहीं होता। यह सामंजस्यपूर्ण नहीं होता। मुझे पता है कि उस स्तर पर सामंजस्य बिठाना मुश्किल होता है, हर कोई आहत होता है... इसलिए वह समय अच्छा नहीं था। लेकिन इस घड़ी को पार करने के लिए मैंने कोशिश की और हमने मिलकर इसे हल किया।"

शर्मिला ने आगे कहा कि वह समय परिवार के लिए बिल्कुल भी अच्छा नहीं था क्योंकि उन्होंने न केवल अमृता को खोया था बल्कि उनके और सैफ के बच्चों सारा अली खान और इब्राहिम अली खान को भी खो दिया था।

5379487