Logo
बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह ने ‘कांतारा’ फिल्म के ‘दैवा’ मिमिक्री विवाद को लेकर कर्नाटक हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। उन्होंने मामले को रद्द करने की मांग की है और कहा कि उनकी मंशा किसी की भावनाएं आहत करने की नहीं थी।

Ranveer Singh Controversy: हाल ही में बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह का नाम 'कांतारा' के 'दैवा' सीन की मिमिक्री को लेकर विवाद में सामने आया था। उनके खिलाफ कर्नाटक में आपराधिक शिकायतें दर्ज हुई जो मामला हाईकोर्ट तक जा पहुंचा। अब इस मामले को रद्द करने की मांग करते हुए रणवीर ने कर्नाटक हाईकोर्ट का रुख किया है।

मामले पर रणवीर की ओर से सफाई

बेंगलुरु में दायर याचिका पर जस्टिस एम. नागप्रसन्ना की बेंच सुनवाई कर रही है। रणवीर की ओर से पेश वकीलों ने अदालत में दलील दी कि अभिनेता की मंशा किसी की भावनाएं आहत करने की नहीं थी, बल्कि उन्होंने निर्देशक-अभिनेता ऋषभ शेट्टी के अभिनय और फिल्म की प्रस्तुति की सराहना के भाव से यह प्रस्तुति दी थी। बचाव पक्ष का कहना है कि उनके तारीफ करने के तरीके को गलत तरीके से आपराधिक रंग दे दिया गया।

याचिका में यह भी कहा गया कि पुलिस इस मामले में दो नोटिस जारी कर चुकी है, जिससे अभिनेता पर अनावश्यक दबाव बना हुआ है। रणवीर की टीम ने अदालत से मामले की तत्काल सुनवाई की मांग की, लेकिन हाईकोर्ट ने इसे अस्वीकार कर दिया।

सुनवाई के दौरान जस्टिस नागप्रसन्ना ने कहा- 'क्या केवल इसलिए मामले को प्राथमिकता दी जानी चाहिए क्योंकि याचिकाकर्ता एक प्रसिद्ध अभिनेता हैं?' अदालत ने स्पष्ट किया कि कानून सभी के लिए समान है और प्रक्रिया सामान्य क्रम में ही चलेगी। अब इस याचिका पर नियमित प्रक्रिया के तहत अगली सुनवाई तय की गई है।

क्या है पूरा विवाद?

विवाद की शुरुआत तब हुई जब रणवीर सिंह ने गोवा में आयोजित इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) 2025 के समापन समारोह में ‘कांतारा’ के क्लाइमेक्स में दिखाए गए ‘चामुंडी दैवा’ सीक्वेंस की नकल की। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने ऋषभ शेट्टी और फिल्म की सराहना भी की थी।

हालांकि, सोशल मीडिया के कुछ वर्गों ने इसे धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति असंवेदनशील बताया। खासकर ‘दैवा’ को “भूत” कहे जाने पर आपत्ति जताई गई, क्योंकि दैवा को वन देवताओं के रूप में पूजनीय माना जाता है।

बाद में एक और वीडियो सामने आया, जिसमें ऋषभ शेट्टी रणवीर को इस प्रस्तुति की नकल न करने की सलाह देते दिखे। इसके बाद विवाद और बढ़ गया। बढ़ते विरोध के बीच रणवीर सिंह ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए कहा कि उनका उद्देश्य किसी की भावनाएं ठेस पहुंचाना नहीं था।

5379487