जेल से अंतरिम जमानत मिलने के बाद राजपाल यादव ने फिर से काम शुरू कर दिया है। अभिनेता ने मुंबई में अपकमिंग फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ की शूटिंग के बीच अपनी वैनिटी वैन से वीडियो शेयर कर फैंस का आभार जताया।

Rajpal Yadav Video: बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव ने अंतरिम जमानत मिलने के कुछ ही दिनों बाद दोबारा काम शुरू कर दिया है। हाल ही में चेक बाउंस मामले में तिहाड़ जेल से रिहा होने के बाद अभिनेता मुंबई लौटे और अपनी आगामी फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ की शूटिंग में व्यस्त हो गए।

23 फरवरी को राजपाल ने इंस्टाग्राम पर अपनी वैनिटी वैन से एक वीडियो शेयर किया। इस वीडियो में उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में अपने लंबे सफर का जिक्र किया और मुश्किल समय में मिले सपोर्ट के लिए सभी का आभार जताया।

ये भी पढ़ें- Ek Din Title song: अरिजीत के संन्यास पर आमिर खान बोले- 'हम लोगों का क्या होगा?', गाया खास गाना; Video

फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ का निर्देशन अहमद खान कर रहे हैं। यह मल्टीस्टारर फिल्म है, जिसमें अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, जैकी श्रॉफ, रवीना टंडन, दिशा पाटनी, जैकलीन फर्नांडिस, अरशद वारसी, परेश रावल और जॉनी लीवर सहित 30 से अधिक कलाकार शामिल हैं।

11 दिन जेल में रहे राजपाल

16 फरवरी को दिल्ली हाईकोर्ट ने राजपाल यादव को 18 मार्च 2026 तक अंतरिम जमानत दी। न्यायमूर्ति स्वर्णा कांता शर्मा ने एक लाख रुपये के निजी मुचलके और एक जमानती की शर्त पर राहत प्रदान की। अदालत ने यह भी नोट किया कि प्रतिवादी के बैंक खाते में 1.5 करोड़ रुपये जमा किए गए हैं।

जेल से बाहर आने के बाद अभिनेता ने सोशल मीडिया पर लिखा, “आप सभी के प्यार और साथ के लिए दिल से धन्यवाद।”

ये भी पढ़ें- रश्मिका-विजय ने शादी पर लगाई मुहर! किया 'वेडिंग ऑफ VIROSH' का ऐलान; इस दिन लेंगे फेरे

क्या है मामला?

यह मामला वर्ष 2010 का है, जब राजपाल ने अपनी निर्देशित फिल्म 'अता पता लापता' के लिए दिल्ली की कंपनी मुरली प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड से कथित तौर पर 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं रही और कर्ज की राशि बकाया रह गई। बाद में भुगतान के लिए जारी सात चेक बाउंस हो गए।

ये भी पढ़ें- जेल से निकलते ही छलके राजपाल यादव के आंसू: पत्नी राधा के लिए बोले- 'कई जन्म लेकर भी नहीं चुका पाऊंगा एहसान!'

अप्रैल 2018 में एक मजिस्ट्रेट अदालत ने राजपाल यादव और उनकी पत्नी राधा को दोषी ठहराते हुए छह महीने की सजा सुनाई थी। 2019 में सत्र अदालत ने भी इस फैसले को बरकरार रखा, जिसके बाद अभिनेता ने दिल्ली हाईकोर्ट में अपील दायर की।

2024 में अदालत ने बकाया राशि चुकाने के गंभीर प्रयास दिखाने के निर्देश दिए थे। हालांकि, फरवरी 2026 में कथित तौर पर शर्तों के उल्लंघन के चलते उन्हें आत्मसमर्पण का आदेश दिया गया था।