Dhurandhar Movie: ब्लॉकबस्टर फिल्म 'धुरंधर' और उसके सीक्वल 'धुरंधर द रिवेंज' ने ऐतिहासिक सफलता हासिल कर ली है। धुरंधर 2 ने रिलीज के बाद से रिकॉर्डतोड़ कमाई कर पूरे बॉक्स ऑफिस पर कब्जा कर लिया है। फिल्म को बनाने वाले आदित्य धर हर तरफ छाए हुए हैं। इसी बीच दिग्गज निर्देशक प्रियदर्शन ने फिल्म और आदित्य धर की जमकर तारीफ की है।
आदित्य अपने करियर की शुरुआत में प्रियदर्शन के साथ 'आक्रोश' और 'तेज' जैसी फिल्मों में असिस्टेंट डायरेक्ट के रूप में काम कर चुके हैं। वहीं प्रियदर्शन ने अब धुरंधर डायरेक्टर की सफलता पर कहा कि उन्होंने बॉलीवुड की पारंपरिक सोच को पूरी तरह बदल दिया है।
‘धुरंधर’ ने बदली बॉलीवुड की सोच
हिंदुस्तान टाइम्स को दिए इंटरव्यू में प्रियदर्शन ने कहा- “आज आदित्य मुझे इन्सपायर कर रहे हैं। मैंने उन्हें कुछ नहीं सिखाया, लेकिन उन्होंने काम करते हुए बहुत कुछ सीखा। वे अपने काम से मुझे प्रेरित कर रहे हैं।”
प्रियदर्शन ने आगे कहा- "मुझे धुरंधर फिल्म बहुत पसंद आई। आदित्य ने बॉलीवुड और भारतीय सिनेमा के पूरे सिद्धांत को ही बदल दिया। लोग कहते थे कि फिल्में इस तरह से बननी चाहिए और उस तरह से। उन्होंने इन सभी नियमों को तोड़ दिया और सफल हुए।"
‘शोले’ जैसी विरासत छोड़ जाएगी फिल्म
प्रियदर्शन का मानना है कि ‘धुरंधर’ सिर्फ एक हिट फिल्म नहीं, बल्कि एक सिनेमाई क्रांति है। उन्होंने कहा, “आदित्य धर ने जो बदलाव लाया है, वह ऐतिहासिक है। अब वह आराम कर सकते हैं। उनकी फिल्म को ‘शोले’ की तरह याद किया जाएगा।”
बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन
धुरंधर और इसका सीक्वल धुरंधर: द रिवेंज बॉक्स ऑफिस पर नए-नए रिकॉर्ड बना रहे हैं। पहली फिल्म ने दुनियाभर में करीब 1300 करोड़ रुपये का कारोबार किया था, जबकि दूसरी फिल्म महज 11 दिनों में 1300 करोड़ के पार पहुंच चुकी है।
दोनों फिल्मों ने मिलकर 2400 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है, जो कि भारतीय सिनेमा के लिए एक नया मुकाम माना जा रहा है।
फिल्म में रणवीर सिंह मुख्य भूमिका में हैं, जो एक भारतीय जासूस के किरदार में नजर आते हैं। इसके अलावा अर्जुन रामपाल, आर माधवन, संजय दत्त, राकेश बेदी और सारा अर्जुन जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं।
फिर बॉलीवुड में वापसी कर रहे प्रियदर्शन
लंबे समय तक मलयालम सिनेमा में सक्रिय रहने के बाद प्रियदर्शन अब हिंदी फिल्मों में वापसी कर रहे हैं। उनकी आने वाली फिल्म 'भूत बंगला' है, जिसमें अक्षय कुमार मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। यह फिल्म अप्रैल 2026 में रिलीज होने वाली है।