'वॉन्टेड', 'दबंग', 'सिंघम' जैसी फिल्मों में नजर आ चुके दिग्गज अभिनेता प्रकाश राज की मां स्वर्णलता गारू का 86 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहीं स्वर्णलता ने अपने घर पर अंतिम सांस ली।

Prakash Raj Mother passes away: दिग्गज अभिनेता प्रकाश राज के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनकी मां स्वर्णलता गारू का 86 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। उन्होंने रविवार (29 मार्च) सुबह अपने घर पर अंतिम सांस ली। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से उम्र से जुड़ी बीमारियों से जूझ रही थीं।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, एक्टर की मां स्वर्णलता का अंतिम संस्कार सोमवार शाम बेंगलुरु में किया जाएगा। उनके निधन की खबर से परिवार और करीबियों में शोक की लहर है, वहीं फिल्म इंडस्ट्री के कई लोगों ने भी दुख जताया है।

बीमारी से जूझ रही थीं स्वर्णलता

प्रकाश राज पहले भी अपनी मां की सेहत को लेकर बात कर चुके थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें ब्रेन सिस्ट की समस्या हुई थी, जिसके बाद उनकी सर्जरी की गई थी। हालांकि ऑपरेशन के बाद उन्हें गंभीर याददाश्त की समस्या हो गई थी और वह अपने परिवार के सदस्यों को पहचानने में भी कठिनाई महसूस करती थीं।

Prakash Raj Mother

संघर्षों से भरी रही जिंदगी

स्वर्णलता की जिंदगी संघर्ष और हिम्मत की मिसाल रही। कर्नाटक में जन्मीं स्वर्णलता बचपन में ही अनाथ हो गई थीं। एक साधारण फैमिली बैकग्राउंड से आने के बावजूद उन्होंने मेहनत के दम पर अपनी पहचान बनाई।

युवावस्था में उन्होंने एक अस्पताल में नर्स के तौर पर काम करना शुरू किया। यहीं उनकी मुलाकात एक मरीज से हुई, जो बाद में उनके जीवनसाथी बने। शादी के बाद उन्होंने अपने परिवार को संभाला और तीन बच्चों की परवरिश की, जिनमें सबसे बड़े प्रकाश राज हैं।

पवन कल्याण ने दी श्रद्धांजलि

सुवर्णलता के निधन की खबर के बाद सोशल मीडिया पर शोक संदेशों की बाढ़ आ गई है। आंध्र प्रदेश के डिप्टी सीएम पवन कल्याण ने भी दुख जताते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और प्रकाश राज व उनके परिवार को सांत्वना दी।

प्रकाश राज की हालिया फिल्में

इस दुखद समय के बीच भी प्रकाश राज अपने काम में लगातार सक्रिय रहे हैं। हाल ही में वह देवरा: पार्ट 1 और “दे कॉल हिम OG” जैसी फिल्मों में नजर आए थे। उनकी हालिया स्क्रीन उपस्थिति “सीता पायनम” में देखी गई। वह सलमान खान के साथ फिल्म वॉन्टेड और दंबग जैसी फिल्मों में नजर आ चुके हैं।