Ekta Kapoor: डायरेक्टर और फिल्म प्रोड्यूसर ने एकता कपूर ने अपनी प्रोडक्शन कंपनी बालाजी टेलीफिल्म्स (Balaji Telefilms) के नाम पर चल रहे फर्जी कास्टिंग कॉल्स को लेकर सख्त चेतावनी जारी की है। एकता ने सोशल मीडिया पर एक बयान जारी कर बताया कि कुछ लोग और नकली अकाउंट उनकी कंपनी का नाम इस्तेमाल कर न्यू कमर कलाकारों से रजिस्ट्रेशन फीस और ऑडिशन चार्ज के नाम पर पैसे मांग रहे हैं।
एकता ने जारी किया नोटिस
शुक्रवार को एकता कपूर ने इंस्टाग्राम पर अपनी कंपनी की ओर से जारी आधिकारिक बयान साझा किया। पोस्ट के साथ उन्होंने लिखा— “ऑफिशियल नोटिस: फर्जी कास्टिंग कॉल्स से सावधान रहें। हमेशा सत्यापन करें और सतर्क रहें।”
बयान में कहा गया है कि कुछ अनधिकृत व्यक्ति और सोशल मीडिया हैंडल कंपनी की पहचान का दुरुपयोग कर आगामी टीवी सीरियल, वेब सीरीज और फिल्मों के नाम पर झूठी कास्टिंग की अनाउंसमेंट कर रहे हैं। कंपनी ने स्पष्ट किया कि इन गतिविधियों से उसका कोई संबंध नहीं है और ऐसे किसी भी प्रयास की कड़ी निंदा की जाती है, जो कलाकारों और निर्देशकों की महत्वाकांक्षाओं का गलत फायदा उठाने की कोशिश करता हो।
फीस मांगने वालों से रहें सतर्क
बालाजी टेलीफिल्म्स ने यह भी साफ किया कि कंपनी कभी भी ऑडिशन, रजिस्ट्रेशन या रोल कन्फर्मेशन के लिए कोई फीस नहीं लेती। साथ ही, बिना आधिकारिक कार्यालय में व्यक्तिगत मुलाकात के कोई औपचारिक समझौता जारी नहीं किया जाता।
कंपनी ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति या अकाउंट को अपनी निजी जानकारी या पैसा साझा करने से पहले उसकी सच्चाई की जांच जरूर करें। सभी वैध कास्टिंग प्रक्रियाएं केवल आधिकारिक चैनल और कास्टिंग डायरेक्टर्स से मीटिंग के जरिए ही की जाती हैं।
एकता कपूर के सीरियल्स और फिल्में
एकता कपूर दिग्गज अभिनेता जीतेंद्र और शोभा कपूर की बेटी हैं। उन्होंने टीवी इंडस्ट्री में कई सुपरहिट शोज का निर्माण किया है, जिनमें क्योंकि सास भी कभी बहू थी, कहीं तो होगा और बड़े अच्छे लगते हैं शामिल हैं।
फिल्मों में भी उनकी कंपनी ने ‘द डर्टी पिक्चर’, ‘लुटेरा’, ‘ड्रीम गर्ल’ और ‘द साबरमती रिपोर्ट’ जैसी फिल्मों का निर्माण किया है।