Royal Enfield App: रॉयल एनफील्ड (Royal Enfield) ने 2026 गुरिल्ला 450 के लॉन्च के साथ अपने मोबाइल ऐप का अपडेटेड वर्जन भी पेश किया है। इस नए अपडेट में कई ऐसे फीचर्स जोड़े गए हैं, जो यूजर एक्सपीरियंस को पहले से ज्यादा स्मार्ट और सुविधाजनक बनाते हैं। कंपनी के मुताबिक, ये सुधार पिछले कुछ वर्षों में मिले यूजर फीडबैक के आधार पर तैयार किए गए हैं।
बेहतर नेविगेशन का अनुभव
नए अपडेट की सबसे बड़ी खासियत बेहतर नेविगेशन सिस्टम है। अब यह ऐप एंड्रॉइड डिवाइसेज पर फोन की स्क्रीन लॉक होने के बाद भी फुल-स्क्रीन नेविगेशन को सपोर्ट करता है। पहले यूजर्स को लगातार स्क्रीन अनलॉक रखनी पड़ती थी, जिससे बैटरी जल्दी खत्म होती थी। उम्मीद है कि जल्द ही यह फीचर iOS डिवाइसेज पर भी उपलब्ध होगा।
स्मार्ट बैटरी मैनेजमेंट
ऐप में ऑटो-लॉक और ऑटो-वेकअप जैसे फीचर्स शामिल किए गए हैं, जो स्क्रीन को स्मार्ट तरीके से मैनेज करते हैं। इससे बैटरी लाइफ बेहतर होती है और लंबे सफर के दौरान डिवाइस के गर्म होने की समस्या भी कम होती है।
इंस्टेंट रूट शेयरिंग और इंपोर्ट फीचर
अब यूजर्स अपने नेविगेशन रूट को मैसेजिंग या सोशल मीडिया के जरिए तुरंत शेयर कर सकते हैं। इसके अलावा, ऐप GPX फाइल्स और Google Maps के रूट को सीधे इंपोर्ट करने की सुविधा देता है, जिससे कस्टम राइड प्लान करना आसान हो जाता है।
परसिस्टेंट नेविगेशन और क्विक एक्सेस
नए अपडेट में परसिस्टेंट नेविगेशन फीचर दिया गया है, जिससे ऐप बंद होने या बाधित होने पर भी रूट वहीं से जारी रहता है। साथ ही क्विक-एक्सेस फेवरिट्स के जरिए यूजर्स अपने नियमित लोकेशन जैसे घर या ऑफिस को एक टैप में सेट कर सकते हैं।
ग्लोबल ऐप एक्सपीरियंस
रॉयल एनफील्ड ने इस अपडेट के साथ एक यूनिफाइड ग्लोबल ऐप एक्सपीरियंस पेश किया है, जिससे अलग-अलग क्षेत्रों में एक समान सुविधाएं और बेहतर उपयोगिता सुनिश्चित की जा सके।
(मंजू कुमारी)










