Logo
JSW Group: जेएसडब्ल्यू समूह अपने पहले पैसेंजर व्हीकल में भारतीय बाजार के लिए प्लग-इन हाइब्रिड वर्ज़न को प्राथमिकता में रख सकता है। क्योंकि ग्लोबल लेवल पर Jetour T2 टर्बो-पेट्रोल और प्लग-इन हाइब्रिड पावरट्रेन के साथ उपलब्ध है।

JSW Group: जेएसडब्ल्यू समूह भारतीय यात्री वाहन बाजार में एंट्री की तैयारी कर रहा है और उसका पहला मॉडल अब सुर्खियों में है। कंपनी के आगामी डेब्यू मॉडल, जो वैश्विक Jetour T2 पर आधारित होगा, के लिए भारत में डिज़ाइन पेटेंट दाखिल किया गया है। यह आवेदन Chery Automobile द्वारा किया गया है, जो जेटूर की मूल कंपनी है। जेएसडब्ल्यू ने अपने ऑटोमोटिव प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने के लिए चेरी के साथ साझेदारी की है और आने वाले महीनों में अपने ब्रांड के तहत SUV लॉन्च कर सकती है।

टीज़र और पेटेंट से क्या पता चलता है?
जारी टीज़र इमेज और पेटेंट दस्तावेज़ एक बॉक्सी, मस्क्युलर SUV की ओर इशारा करते हैं। फ्रंट प्रोफाइल सीधा और चौकोर है, जो इसे दमदार रोड प्रेजेंस देता है। टीज़र में SUV का अधिकांश हिस्सा शैडो में है, लेकिन लाइटिंग सिग्नेचर साफ नजर आता है। आयताकार हेडलाइट हाउसिंग के अंदर वर्टिकल LED एलिमेंट्स दिए गए हैं।

पेटेंट इमेज में भी आयताकार हेडलाइट्स, चौड़ा ग्रिल सेक्शन और मजबूत बंपर डिजाइन दिखाई देता है। हालांकि रियर डिजाइन की ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन उम्मीद है कि यह वैश्विक मॉडल से काफी मिलता-जुलता रहेगा।

साइज और डायमेंशन
वैश्विक Jetour T2 की लंबाई 4.6 मीटर से ज्यादा (स्पेयर व्हील सहित लगभग 4.7 मीटर), चौड़ाई 2 मीटर से अधिक और ऊंचाई करीब 1.8 मीटर है। इसका व्हीलबेस 2,800 मिमी है, जो इसे प्रीमियम मिड-साइज़ SUV सेगमेंट में रखता है।

संभावित बदलाव और पावरट्रेन
भारत में लॉन्च होने वाले जेएसडब्ल्यू ब्रांडेड मॉडल में बंपर, अलॉय व्हील्स और लाइटिंग जैसे डिजाइन एलिमेंट्स में बदलाव देखने को मिल सकते हैं।

वैश्विक स्तर पर Jetour T2 टर्बो-पेट्रोल और प्लग-इन हाइब्रिड पावरट्रेन के साथ उपलब्ध है, जिसमें टू-व्हील और फोर-व्हील ड्राइव विकल्प मिलते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीय बाजार के लिए प्लग-इन हाइब्रिड वर्ज़न को प्राथमिकता दी जा सकती है।

(मंजू कुमारी)

5379487