Car tips: ड्राइविंग के दौरान नेविगेशन और म्यूजिक के लिए Android Auto और Apple CarPlay जैसे फीचर्स काफी जरूरी होते हैं। ऐसे में अगर आपकी कार का USB पोर्ट काम करना बंद कर दे, तो घबराने की जरूरत नहीं है। कई बार यह छोटी समस्या होती है, जिसे आप घर पर ही आसानी से ठीक कर सकते हैं।
अक्सर लोग सीधे सर्विस सेंटर चले जाते हैं, जबकि असली वजह धूल, खराब केबल या सॉफ्टवेयर जैसी साधारण चीजें होती हैं। यहां जानिए 5 आसान तरीके जिनसे आप खुद इस समस्या को ठीक कर सकते हैं।
1. केबल की जांच करें
सबसे पहले यह सुनिश्चित करें कि समस्या USB पोर्ट में है या केबल में। हमेशा ओरिजिनल या अच्छी क्वालिटी की डेटा केबल का इस्तेमाल करें। अगर आपकी कार में एक से ज्यादा पोर्ट हैं, तो दूसरे पोर्ट में कनेक्ट करके भी चेक करें।
2. पोर्ट की सफाई करें
USB पोर्ट में धूल, रेशे या छोटे कण जमा हो सकते हैं, जिससे कनेक्शन बाधित होता है। इसे साफ करने के लिए टूथपिक, कॉटन-बड या कंप्रेस्ड एयर का इस्तेमाल करें। ध्यान रखें कि सफाई धीरे और सावधानी से करें।
3. फ्यूज बॉक्स चेक करें
अगर USB पोर्ट के साथ रेडियो या सिगरेट लाइटर भी काम नहीं कर रहा है, तो संभव है कि फ्यूज खराब हो गया हो। फ्यूज बॉक्स (स्टीयरिंग के नीचे या बोनट के अंदर) खोलकर खराब फ्यूज को उसी रेटिंग के नए फ्यूज से बदलें।
4. डाटा ट्रांसफर परमिशन दें
कई बार फोन की सेटिंग्स में डेटा ट्रांसफर की अनुमति नहीं होती। फोन कनेक्ट करते समय स्क्रीन पर आने वाले “Allow Data Transfer” या “File Transfer” विकल्प को जरूर अनुमति दें।
5. सॉफ्टवेयर अपडेट करें
पुराने सॉफ्टवेयर के कारण भी कनेक्टिविटी में समस्या आ सकती है। इसलिए अपने स्मार्टफोन और कार के इंफोटेनमेंट सिस्टम को हमेशा लेटेस्ट वर्जन पर अपडेट रखें।
इन आसान टिप्स की मदद से आप बिना खर्च किए अपने कार के USB पोर्ट की समस्या घर पर ही ठीक कर सकते हैं।
(मंजू कुमारी)